अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात अपराधियों ने खुली चुनौती दे डाली। भदनीनगर ओपी क्षेत्र के सुथरपुर स्थित एक स्टोन क्रशर परिसर में खड़ी JCB मशीन को आग के हवाले कर दिया गया। जब तक किसी को कुछ समझ आता, मशीन धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। आसपास के लोगों का कहना है कि रात में अचानक आग की लपटें उठती दिखीं, तब जाकर मामले की जानकारी हुई।
पर्चा छोड़ गए अपराधी, जेजेएमपी का नाम
घटनास्थल से पुलिस को एक पर्चा भी मिला है। इस पर्चे में जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) का नाम लिखा हुआ है। पर्चे में कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि अगर बात नहीं मानी गई तो अंजाम और बुरा होगा। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पर्चा असली है या किसी ने नाम का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की है।
पुलिस पहुंची मौके पर, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही भदनीनगर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है और रात में गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है। स्टोन क्रशर मालिक से भी पूछताछ की गई है कि पहले कभी किसी तरह की धमकी मिली थी या नहीं।
कारोबारी सहमे, बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद इलाके के अन्य स्टोन क्रशर संचालकों और कारोबारियों में भी डर का माहौल है। उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटनाएं बढ़ीं तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर सुराग तलाशे जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : कड़ी सुरक्षा में हो रही वोटों की गिनती, DC-SP खुद कर रहे मॉनिटरिंग

