अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Munger : मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक मामूली बात ने बड़ा रूप ले लिया। शेख टोला पुल के पास सिगरेट के धुएं को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते-देखते दो पक्षों के बीच झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस की मदद से अनुमंडल अस्पताल, हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, सिमपुर निवासी पीयूष कुमार और मनखुश कुमार बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। जब वे शेख टोला पुल के पास पहुंचे, तो वहां कुछ युवक सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। आरोप है कि युवकों ने जानबूझकर सिगरेट का धुआं उनके चेहरे की ओर छोड़ दिया। इस पर पीयूष और मनखुश ने आपत्ति जताई। बस फिर क्या था, बात बढ़ी, जुबानी बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ ही मिनटों में दोनों तरफ से लोग जुट गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई।
देखते ही देखते मच गई अफरा-तफरी
पत्थरबाजी होते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में खड़गपुर थाना समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया।
डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम निखिल धनराज निपनीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
तनाव को देखते हुए शेख टोला पुल और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन ने साफ कहा है कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इसे भी पढ़ें : NCERT ने बदली पढ़ाई की दिशा: अब छात्र जानेंगे कोर्ट सिस्टम की असली चुनौतियां



