अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड पुलिस अपने जांच अधिकारियों को और ज्यादा मजबूत और अपडेट बनाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में रांची के होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में 9 मार्च से 13 मार्च तक पांच दिन का एडवांस इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इस ट्रेनिंग में पुलिस SI यानी सब-इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। यह ट्रेनिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से कराई जाएगी। हर दिन सुबह 10 बजे से सत्र शुरू होगा।
जांच की बारीकियां सिखाई जाएंगी
इस कोर्स में “इन्वेस्टिगेशन प्रोसीजर्स एंड एन ओवरव्यू ऑन ऑफेंसेज” विषय पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। मतलब साफ है कि पुलिस अफसरों को यह बताया जाएगा कि किसी भी अपराध की जांच किस तरह से सही तरीके से की जाए, किन कानूनी बातों का ध्यान रखा जाए और केस को मजबूत कैसे बनाया जाए। अक्सर देखा जाता है कि छोटी-छोटी तकनीकी गलतियों की वजह से केस कमजोर हो जाता है। ऐसे में इस तरह की ट्रेनिंग से अफसरों को कानून और जांच की प्रक्रिया की गहरी समझ मिलेगी।
हर जिले से दो-दो अफसर भेजने का निर्देश
राज्य के सभी वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर कहा गया है कि वे अपने जिले से SI यानी सब-इंस्पेक्टर स्तर के दो-दो अधिकारियों का चयन करें। इसमें रांची, जमशेदपुर, धनबाद समेत सभी जिले और रेल पुलिस भी शामिल हैं। चयनित अधिकारियों का नाम और उनका व्हाट्सएप नंबर प्रशिक्षण विद्यालय को भेजना होगा। उन्हें 8 मार्च की दोपहर तक फुल वर्दी और पहचान पत्र के साथ होटवार स्थित प्रशिक्षण विद्यालय में पहुंचना है।
ऑनलाइन जुड़ने वालों के लिए खास व्यवस्था
जो अधिकारी ऑफलाइन नहीं आ पाएंगे, वे ऑनलाइन माध्यम से जुड़ सकेंगे। इसके लिए सीसीटीएनएस कार्यालय की ओर से वेबेक्स लिंक पहले ही भेज दिया जाएगा। जिलों को यह भी कहा गया है कि अन्य अनुसंधान अधिकारी भी ऑनलाइन सत्र से जुड़ें, ताकि ज्यादा से ज्यादा पुलिसकर्मी इसका फायदा उठा सकें।
पहले ट्रेनिंग ले चुके अफसर दोबारा नहीं आएंगे
स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जो अधिकारी पहले इसी विषय पर ट्रेनिंग ले चुके हैं, उन्हें दोबारा नहीं भेजा जाए। इससे नए अधिकारियों को मौका मिलेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह की नियमित ट्रेनिंग से जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी। इसका सीधा असर केस की मजबूती और अपराध नियंत्रण पर पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : घर के आंगन में फंदे पर लटका मिला मौलाना का बेटा, इलाके में सनसनी



