अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के बोड़ाम थाना इलाके में पुलिस ने एक ऐसे गंदे धंधे का भंडाफोड़ किया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। मिर्जाडीह में एक आइसक्रीम फैक्ट्री की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की और सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
मिर्जाडीह गांव ग्रामीण काफी समय से शिकायत कर रहे थे कि इलाके में गलत काम हो रहा है। लोगों का कहना था कि बाहर से अजनबी लोग आते जाते रहते थे और माहौल खराब हो रहा था। जब शिकायतें लगातार बढ़ने लगीं तो बोड़ाम थानेदार मनोरंजन कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद फैक्ट्री पर दबिश दी गई।
आइसक्रीम फैक्ट्री की आड़ में चल रहा था धंधा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के अंदर कई लोगों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन सात लोगों को मौके से दबोच लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पहले से शक था कि यहां आइसक्रीम का काम कम और कुछ और ज्यादा चल रहा है।
ये लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के अलावा मानगो के मुंशी मोहल्ला निवासी परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू, बिहार के सासाराम निवासी शांतनु कुमार, पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी अभिषेक दास और नदिया जिले के सरहुल विश्वास को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की तीन महिलाओं और ओडिशा की एक युवती को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कुल नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कुछ आरोपी फरार, तलाश जारी
थानेदार मनोरंजन कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ आरोपी भाग निकले। इनमें मानगो मुंशी मोहल्ला इमामबाड़ा के पास रहने वाला परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू और मकान मालिक का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
डिमना डैम के पास का इलाका, पहले भी उठे थे सवाल
मिर्जाडीह इलाका डिमना डैम के पास स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पहले भी अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलती रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
इसे भी पढ़ें : क्राइम इंवेस्टिगेशन को धार देने की तैयारी, SI स्तर के अफसरों की होगी स्पेशल ट्रेनिंग



