अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Khunti : खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। दो हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने घर के बाहर चल रही किराना दुकान में घुसकर बाप और बेटे पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। इस हमले में 55 साल के सुकरा महतो की मौत हो गई, जबकि उनका 19 साल का बेटा अर्जुन महतो बेतरह जख्मी हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल है।
दुकान पर बैठे थे परिवार के लोग, तभी पहुंचे अपराधी
परिजनों के अनुसार, सुकरा महतो का परिवार घर के बाहर ही किराना दुकान चलाता है। शुक्रवार रात सभी लोग दुकान पर बैठे हुए थे। तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आते ही अपराधियों ने सुकरा महतो के सबसे छोटे बेटे अर्जुन महतो को निशाना बनाकर गोली चला दी। अर्जुन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई।
बेटे को घायल करने के बाद पिता को मारी गोली
बेटे को घायल देखकर परिवार के लोग घबरा गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान अपराधियों ने कुर्सी पर बैठे सुकरा महतो को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद परिवार के लोग और ग्रामीण दोनों को लेकर कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन महतो की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका
मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 2013 से अपने ससुराल तिमड़ा गांव में रह रहा है। उनके ससुर ने अपनी जमीन बेटी और दामाद के नाम कर दी थी। इसी जमीन को लेकर गोतिया के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का मानना है कि इसी जमीन विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि अपराधियों का इरादा पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने का था, लेकिन लोग किसी तरह भागकर बच गए।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : दारू दुकान में फायरिंग करने वालों के धराते ही हुआ एक बड़े केस का खुलासा… जानें



