अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के कोठार के पास सड़क पर देर रात खौफनाक हादसा हुआ। बोकारो से रामगढ़ की ओर जा रहा ट्रेलर (JH09BE-7738) अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का चालक मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक की शिनाख्त वेजू कुमार के तौर पर की गयी। करीब 28 साल का वेजू कुमार बिहार के नालंदा का रहने वाला था। आसपास के लोग जब घटना की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे, तो हादसे का मंजर देखकर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क का मोड़ और रात के अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। कई बार छोटे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इस बार का हादसा बेहद गंभीर था।

सुबह ही दूध से भरी वैन पलटी
रात के हादसे से कुछ ही घंटे बाद, बुधवार भोरे-भोर करीब चार बजे, वही जगह फिर हादसे की वजह बनी। बोकारो से रामगढ़ की ओर जा रही दूध से लदी मिल्क वैन (JH24D-6205) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में भरा दूध सड़क पर फैल गया, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। हालांकि, चालक और वैन में मौजूद कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह जगह सड़क दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है। सड़क पर तेज रफ्तार और मोड़ का संगम हादसों को आम बना देता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक हिस्से पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं, सड़क की स्थिति सुधारें और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं।

सड़क की खतरनाक स्थिति पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर रात में लाइट की कमी और टर्निंग की वजह से चालक अक्सर नियंत्रण खो बैठते हैं। इससे पहले भी कई छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं। लोगों की चिंता है कि अगर जल्द ही कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस हिस्से की सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आगामी समय में चेतावनी बोर्ड, गति नियंत्रण उपाय और मोड़ पर सुरक्षा के अन्य कदम उठाए जाएंगे ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

ग्रामीणों की मांग
स्थानीय लोग चाहते हैं कि सड़क का खतरनाक मोड़ सुधारा जाए और नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो यही सड़क और भी जानलेवा साबित हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : दो मासूमों को पुल पर छोड़ मां ने लगा दी छलांग, फिर…



