अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : शहर में गैस संकट और सर्वर की दिक्कत के बीच गैस एजेंसियों ने सिलिंडर बुकिंग का समय सीमित कर दिया है। अब फोन के जरिए बुकिंग सिर्फ सुबह 5 से 7 बजे और रात 8 से 12 बजे तक ही हो सकेगी। यानी सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक करीब 13 घंटे बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। इस नए नियम से हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।
सुबह जल्दी उठकर करनी होगी बुकिंग
अगर किसी को गैस सिलिंडर बुक करना है तो अब सुबह जल्दी उठना पड़ेगा। एजेंसियों के बाहर लगाए गए नोटिस के मुताबिक फोन से बुकिंग सिर्फ तय समय में ही होगी।
इतना ही नहीं, बुकिंग उन्हीं उपभोक्ताओं की होगी जिन्हें पिछले सिलिंडर की डिलीवरी लिए 25 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। ऐसे में जिनके घर में गैस खत्म होने वाली है, उन्हें बुकिंग के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
तीन दिन से सर्वर फेल, लोग सिलिंडर लेकर भटक रहे
इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस कंपनियां आम तौर पर रजिस्टर्ड कॉल से सिलिंडर बुकिंग करवाती हैं। लेकिन होली के बाद से सर्वर बार-बार फेल हो रहा है।
पिछले तीन दिनों से कई उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है। इसके कारण लोग खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी और गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं।
बुधवार को भी हजारों लोग एजेंसियों के बाहर गैस के लिए भटकते नजर आए। अब जब बुकिंग का समय भी सीमित कर दिया गया है, तो लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
50 हजार से ज्यादा घरों में गैस खत्म
शहर में 50 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं के घरों में गैस खत्म हो चुकी है। लोग चाय-नाश्ता से लेकर सुबह-शाम का खाना बनाने में दिक्कत झेल रहे हैं।
जिले में कुल मिलाकर करीब 13 लाख गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग फंसी हुई है। वहीं एक लाख से ज्यादा लोगों ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, जिससे उन्हें भी परेशानी हो रही है।
अधिकारियों का दावा – गैस की कमी नहीं
आईओसी के जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार का कहना है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
उनके मुताबिक गोदामों में गैस भरपूर मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा बुकिंग करा रहे हैं। इससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है और सिस्टम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक बुकिंग न कराएं।
शिकायत के लिए ये हैं हेल्पलाइन नंबर
अगर किसी उपभोक्ता को गैस नहीं मिल रही है या कोई दिक्कत हो रही है तो वह इन टोल-फ्री नंबरों पर शिकायत कर सकता है।
इंडेन और एचपी गैस: 18002333555
भारत गैस: 1800224344
बुकिंग के 24 घंटे में देने का दावा
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित का कहना है कि सर्वर की वजह से बुकिंग नंबर और कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बुकिंग होने के बाद 24 घंटे के अंदर सिलिंडर की डिलीवरी दी जा रही है, लेकिन बुकिंग के बाद मिलने वाला डीएसी नंबर जरूरी होता है। इसके बिना गैस की आपूर्ति नहीं की जा सकती।
वहीं एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार का कहना है कि सर्वर फेल होने के कारण बुकिंग नंबर काम नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी सिस्टम की यही दिक्कत सामने आ रही है।
इसे भी पढ़ें : गैस की अफवाह पर थानेदार का बड़ा भरोसा, बोले- सिलेंडर जल्द पहुंचेगा घर



