अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी बड़ी संस्था इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (IICM) में इन दिनों माहौल गरम है। श्रमिक संघ ने संस्थान में गड़बड़ी और नियमों को ताक पर रखकर की गई नियुक्तियों का बड़ा आरोप लगाया है। इस पूरे मामले को लेकर अब मामला ऊपर तक पहुंच गया है और जांच की मांग तेज हो गई है।
बिना नियम भर्ती का आरोप
श्रमिक संघ का कहना है कि IICM के सीनियर मैनेजर (E&M) रवि रंजन ने R.K. Construction (इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट) के जरिए दो लोगों राहुल यादव और जाहिद अंसारी की नियुक्ति कर दी। संघ का आरोप है कि ये भर्ती पूरी तरह से संदिग्ध है और इसमें तय नियमों का पालन नहीं किया गया। यहां तक कि एक यूनियन नेता की मिलीभगत से पूरे प्रोसेस को नजरअंदाज किया गया।
बिना इंटरव्यू-परीक्षा के प्रमोशन!
मामले का दूसरा पहलू और भी गंभीर बताया जा रहा है। श्रमिक संघ के मुताबिक, नितेश कुमार को बिना किसी इंटरव्यू, लिखित परीक्षा या योग्यता जांच के ही सीधे स्केल बढ़ाकर असिस्टेंट मैनेजर बना दिया गया। संघ का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठता है और यह साफ तौर पर नियमों की अनदेखी है।
वेतन में भी बड़ा फर्क
सिर्फ भर्ती और प्रमोशन ही नहीं, संघ ने यह भी मुद्दा उठाया है कि IICM कैंपस में काम करने वाले अलग-अलग संस्थानों के कर्मचारियों के वेतन में काफी असमानता है। उनका मानना है कि अगर इस पूरे मामले की ठीक से जांच हुई, तो कई और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
CVO से जांच की मांग
श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) को शिकायत भेजी है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए।
“कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तय”
अजय राय ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि इतने बड़े संस्थान में इस तरह की मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो श्रमिक संघ सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगा।
इसे भी पढ़ें : त्योहारों को लेकर हाई अलर्ट पर रांची प्रशासन, डीसी क्या दे गये निर्देश… जानें



