अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर राजधानी रांची में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की।
कई अहम इलाकों में निकाला गया मार्च
फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद और लालपुर सहित कई इलाकों से गुजरा। इसके अलावा बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने गश्त की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
इस फ्लैग मार्च में रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और सदर एसडीएम कुमार रजत खुद मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
ड्रोन से भी रखी गई निगरानी
पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन की मदद भी ली। जुलूस के संभावित रूट और संवेदनशील इलाकों की बारीकी से निगरानी की गई। साथ ही तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
शांति और भरोसा बनाए रखना है उद्देश्य
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य रामनवमी के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना, आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और किसी भी आकस्मिक स्थिति से पहले ही निपटने की तैयारी करना है।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस द्वारा इसी तरह का फ्लैग मार्च रांची के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार निकाला जा रहा है, ताकि पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
इसे भी पढ़ें : पति की ह’त्यारोपी महिला बंदी की जेल के बाथरूम में मिली लाश, DC-SP क्या बता गये… देखें



