अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Supaul : सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। गुटखा उधार नहीं देने पर नाराज तीन किशोरों ने पहले धमकी दी और फिर लौटकर फायरिंग कर दी। घटना निर्मली पंचायत के मेहता टोला वार्ड संख्या 7 की है, जहां इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
उधार को लेकर शुरू हुआ लफड़ा
पीड़ित महिला दुकानदार प्रमिला देवी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े 7 बजे तीन किशोर बाइक से उनकी जनरल स्टोर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने गुटखा उधार मांगा, लेकिन महिला ने साफ मना कर दिया। साथ ही उन्हें पास की दूसरी दुकान से लेने को कहा। इसी बात पर तीनों लड़के भड़क गए और जाते-जाते धमकी दी कि “तुम्हारे ऊपर गोली चलेगी”।
आधे घंटे बाद लौटे, दुकान के पास दागी गोली
महिला के मुताबिक, धमकी देने के करीब आधे घंटे बाद तीनों युवक फिर लौटे और दुकान के पास एक राउंड गोली दाग दी। उस समय वह दुकान बंद कर अपने आंगन में चली गई थीं, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घर के सामने भी की फायरिंग, बढ़ा खौफ
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महिला के घर के सामने सड़क पर फिर से गोली चलाई। इससे इलाके में डर और बढ़ गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने पहचान कर पकड़ने की कोशिश की
रात करीब साढ़े 10 बजे दो युवक बाइक से फिर इलाके में दिखे। ग्रामीणों ने उन्हें पहचान लिया और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों तेज रफ्तार में भाग निकले। ग्रामीणों का कहना है कि दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरा अभी अज्ञात है। तीनों के नाबालिग होने की भी बात सामने आ रही है।
थाने में आवेदन, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़िता के बेटे सोनू कुमार ने पिपरा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आपसी विवाद का मामला है और फायरिंग की बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
इसे भी पढ़ें : बड़ी खबर : पेट्रोल पर 10 रुपये घटे, डीजल पर एक्साइज ड्यूटी जीरो



