अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में शुक्रवार देर रात बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर जबरदस्त हिंसा की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो गोतिया के बीच पुराने जमीन विवाद को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला गोलीबारी, पथराव और मारपीट तक पहुंच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे अचानक माहौल बिगड़ा और दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में हथियार निकल आए और ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी।
15 राउंड गोलियां चलने की चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस झड़प में करीब 15 राउंड गोलियां चलाई गईं। गांव में देर रात फायरिंग की आवाज से हड़कंप मच गया। लोग घरों में दुबक गए और कई परिवार डर के कारण बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर पाए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गोली चलने और अफरातफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हिंसक झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कृषि मंत्री के समधी राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मनीष और नितीश की हालत नाजुक है। दोनों को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
तलवार और लाठी-डंडों से भी हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी के साथ-साथ तलवार, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर भी चले। गांव में चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन फायरिंग के कारण कोई सामने आने की हिम्मत नहीं कर पाया।
चार लोगों पर आरोप, आरोपी फरार
घायल पक्ष के परिजनों ने चार लोगों पर सीधे हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मुकेश, स्वर्गीय सतेंद्र के बेटे दीपक, प्रिंस और अन्य लोगों ने मिलकर फायरिंग की और मारपीट की। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया।
पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक भाग चुके थे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
परिवार ने मांगी सुरक्षा
घटना के बाद मंत्री के समधी के परिवार में डर का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि हमलावर खुलेआम धमकी दे रहे हैं और कभी भी दोबारा हमला कर सकते हैं।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही निगरानी
इस घटना के बाद ब्यापुर गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : ‘छोटे सरकार’ का महादंगल, चार क्विंटल तेल और 100 किलो हल्दी के साथ क्या किया… जानें



