अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रात का वक्त था। शहर की रफ्तार थोड़ी धीमी हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की नजरें चौकन्नी थीं। तभी रांची एसएसपी राकेश रंजन की फोन की घंटी बजी। सामने वाले ने कहा… “सर, नामकुम में खुलेआम ब्राउन शुगर का गंदा धंधा चल रहा है…” सूचना मामूली नहीं थी। मामला सीधे युवाओं की जिंदगी से जुड़ा था। बिना देरी किये रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में आगे का टास्क सीनियर DSP अमर पांडेय को सौंपा गया। DSP के ही नेतृत्व में टीम बनाई गयी। सीनियर डीएसपी अमर पांडेय ने बिना वक्त गंवाए तुरंत टीम को एक्टिव किया। उनका प्लान साफ था… सरप्राइज, स्पीड और सटीक वार। वे अपनी टीम के साथ निकल पड़े उस जगह, जहां नशे का खेल चल रहा था।
शांत मैदान में चल रहा था बड़ा खेल
जैसे ही पुलिस टीम हाईटेंशन मैदान के पास पहुंची, वहां का नजारा चौंकाने वाला था। एक ब्लू आई-10 कार, एक स्कूटी, एक बाइक और कार में बैठे तीन युवक। पुलिस की हल्की सी आहट मिलते ही तीनों भागने लगे। लेकिन शायद उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस बार सामने कोई आम टीम नहीं, बल्कि DSP अमर पांडेय की रणनीति थी। सीनियर डीएसपी अमर पांडेय ने इशारा किया, टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। भागने की कोशिश कर रहे तीनों युवकों को वहीं दबोच लिया गया।
चंद मिनट में खुल गया पूरा राज
जब तलाशी शुरू हुई, तो कहानी साफ होने लगी। जेब से निकलीं ब्राउन शुगर की पुड़िया, मोबाइल फोन और नकद पैसे। कुल 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में जो सामने आया, वो और भी चौंकाने वाला था। ये कोई छोटे-मोटे खिलाड़ी नहीं थे। ये लोग संगठित तरीके से नशे का कारोबार चला रहे थे और ज्यादा मुनाफे के लालच में शहर के युवाओं को इसकी गिरफ्त में धकेल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास भी सामने आया। पहले भी ये लोग अपराध में शामिल रहे हैं। इससे साफ है कि ये सिर्फ एक बार की गलती नहीं, बल्कि लगातार अपराध की राह पर थे।
DSP अमर पांडेय की रणनीति आई काम
इस पूरे ऑपरेशन में सबसे खास बात रही सीनियर डीएसपी अमर पांडेय की प्लानिंग। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम को तेजी से एक्टिव किया। न कोई हड़बड़ी, न कोई गलती। पहले लोकेशन की पुष्टि, फिर सटीक समय पर छापा। यही वजह रही कि आरोपी भाग नहीं पाए और मौके पर ही पकड़ लिए गए।
रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। तीन आरोपी गिरफ्तार, 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर, नगद और वाहन बरामद। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी। रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/zz5S2sjKrQ
— News Samvad (@newssamvaad) April 8, 2026
अब अगला निशाना पूरा नेटवर्क
पुलिस अब सिर्फ इन तीन लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहती। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पूरे नेटवर्क को तोड़ने की तैयारी चल रही है। रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा है कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी इसमें शामिल होगा, उसे जेल भेजा जाएगा। नशे के इन सौदागरों को दबोचने में सीनियर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, नामकुम थानेदार इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह, एसआई जयदेव कुमार सराक, सत्येन्द्र सिंह, जयप्रकाश कुमार, एएसआई उज्जवल सिंह और अंगरक्षक एवं सशस्त्र बल की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : राजधानी के इन इलाकों में निषेधाज्ञा, कब और क्यों… जानें



