अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Pawan Thakur/ Dharmendra Pradhan) : रात का वक्त था। चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। लोग गहरी नींद में थे, लेकिन पतरातू के आसमान में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। धड़ाधड़ फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। लोग डर के मारे घरों के अंदर दुबक गए। कोई खिड़की से झांकने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था, तो कोई बच्चों को सीने से चिपकाकर चुपचाप भगवान का नाम लेने लगा। यह कोई फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 2 बजे घटी वो घटना थी, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। अपराधियों ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी।
आधी रात बाइक पर आए दो नकाबपोश
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे एक बाइक फैक्ट्री गेट के पास रुकी। बाइक पर दो युवक सवार थे और दोनों के चेहरे ढंके हुए थे। किसी को समझ नहीं आया कि ये कौन हैं और यहां क्यों रुके हैं। कुछ सेकेंड बाद बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और बिना कुछ कहे सीधे गेट की ओर निशाना साधते हुए कई राउंड गोलियां चला दीं। गोली की तड़तड़ाहट से फैक्ट्री गेट के पास मौजूद सुरक्षा कर्मी भी सहम गए। फायरिंग के बाद दोनों अपराधी बाइक स्टार्ट कर तेजी से फरार हो गए।
गोलियों की आवाज से थर्रा उठा इलाका
जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, आसपास के घरों में खलबली मच गई। लोग सोचने लगे कि कहीं हमला तो नहीं हो गया। कई घरों में महिलाएं और बच्चे डरकर रोने लगे। एक स्थानीय शख्स ने बताया, “हम सो रहे थे, अचानक गोलियों की आवाज आई। लगा जैसे कोई युद्ध छिड़ गया हो। बच्चे डरकर उठ गए। हम लोग दरवाजा बंद करके अंदर ही छिप गए।” घटना के बाद पूरा इलाका देर रात तक सहमा रहा।

लगातार बढ़ रही वारदातें, पुलिस के लिए खुली चुनौती
यह पहली बार नहीं है जब पतरातू में अपराधियों ने गोलियां चलाई हों। पिछले कुछ दिनों में एक के बाद एक वारदात ने साफ कर दिया है कि अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। यहां याद दिला दें कि बीते 29 मार्च को ओसम दूध फैक्ट्री गेट पर फायरिंग हुई थी, 4 अप्रैल को फिर उसी जगह गोलीकांड और अब 12 अप्रैल की रात अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री गेट पर गोलीबारी हुई। इन तीन घटनाओं ने पतरातू पुलिस के लिए बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अपराधी हर बार वारदात करके निकल जा रहे हैं, और पुलिस हाथ मलती रह जा रही है।
राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर ली जिम्मेदारी
घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। दावा किया जा रहा है कि राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक अकाउंट के जरिए इस गोलीकांड की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में सीधे-सीधे धमकी दी गई है। गैंग ने लिखा है कि यह फायरिंग फैक्ट्री मैनेजर को “समझाने” के लिए की गई है। गैंग का कहना है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो अगली बार फैक्ट्री के किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
“कान खोलने के लिए फायरिंग की गई”
गैंग के कथित पोस्ट में कहा गया है कि यह गोलीकांड फैक्ट्री मैनेजर को चेतावनी देने के लिए था। पोस्ट में लिखा गया कि “जितना जल्दी हो सिस्टम में आ जाओ, वरना अगली बार फैक्ट्री में किसी कर्मचारी का खोपड़ी खोल देंगे।” इस बयान ने इलाके में डर को और बढ़ा दिया है।
कारोबारियों को भी धमकी, बोला- “छाती पर मारेंगे गोली”
राहुल दुबे गैंग के कथित पोस्ट में केवल फैक्ट्री मैनेजर ही नहीं, बल्कि रामगढ़ जिले के कोयला, स्क्रैप और जमीन कारोबारियों को भी धमकी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि अगर गैंग के कॉल को नजरअंदाज किया गया या बिना मैनेज किए काम किया गया तो “गोली घर और ऑफिस के गेट पर नहीं, सीधे छाती पर मारेंगे।” यह धमकी अब जिले के व्यापारियों में भी डर का कारण बन गई है।

पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप
पोस्ट में गैंग ने पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गैंग का दावा है कि वे केवल “दो नंबर” काम करने वालों को निशाना बनाते हैं और प्रशासन अगर कथित “फर्जी एनकाउंटर” बंद कर दे तथा कोयला चोरी का काम रुकवा दे तो वे रामगढ़ में कोई घटना नहीं करेंगे। इस बयान ने मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।
फैक्ट्री सुरक्षा पर भी उठे सवाल
अल्ट्राटेक जैसी बड़ी फैक्ट्री के गेट पर इस तरह फायरिंग होना कई सवाल खड़े कर गया। लोग कह रहे हैं कि अगर अपराधी इतनी आसानी से फैक्ट्री गेट तक पहुंच सकते हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। अब फैक्ट्री कर्मचारियों में भी डर का माहौल है। कई लोग ड्यूटी पर जाने से पहले दो बार सोच रहे हैं।
इलाके में दहशत, लोग रात में बाहर निकलने से डर रहे
घटना के बाद पतरातू और आसपास के इलाकों में डर बैठ गया है। लोग रात के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं। जिन इलाकों में पहले सामान्य माहौल रहता था, वहां अब सन्नाटा और खौफ दिख रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तो रात में बाइक की आवाज भी सुनाई देती है तो डर लगता है।
इसे भी पढ़ें : एक ही थाना के थानेदार सहित 10 SI, 5 ASI, 2 हवलदार और 11 सिपाही सस्पेंड… जानें क्यों



