अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड सरकार के वित्त विभाग की जांच में वेतन निकासी के दौरान कई गड़बड़ियों और अवैध निकासी के मामले सामने आने के बाद अब रांची जिला पुलिस में भी सख्ती शुरू हो गई है। रांची SSP राकेश रंजन ने जिले के तमाम थानेदार, ओपी प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों को साफ निर्देश दिया है कि हर हाल में झारनेट प्रोफाइल अपडेट करना होगा। SSP ने कहा है कि सभी पुलिस कर्मी 24 घंटे के भीतर निर्धारित फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ नवीन पुलिस केंद्र, रांची में जमा करेंगे। अगर किसी ने लापरवाही की तो उसका मार्च 2026 से वेतन और भत्ता रोक दिया जाएगा।
वित्त विभाग की रिपोर्ट के बाद बढ़ी चिंता
झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने हाल ही में वेतन निकासी की समीक्षा की थी। इसी समीक्षा में कई जगहों पर गलत तरीके से पैसे निकालने, फर्जी निकासी और गड़बड़ी की बातें सामने आईं। इसके बाद सरकार ने सभी विभागों को वेतन भुगतान की व्यवस्था पारदर्शी बनाने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा। इसी के तहत रांची पुलिस ने भी अपने जिले के सभी पुलिसकर्मियों का झारनेट प्रोफाइल अपडेट कराने का आदेश जारी कर दिया है।
24 घंटे में भरना होगा फॉर्म
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी को एक विहित प्रपत्र भरकर जमा करना होगा। साथ में जरूरी कागजात की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति भी लगानी होगी। यह पूरा फॉर्म और दस्तावेज परिचारी प्रवर, नवीन पुलिस केंद्र, रांची के पास जमा करना अनिवार्य होगा।
सेवा पुस्तिका से होगी पूरी जांच
पुलिस केंद्र में जमा किए गए फॉर्म में भरी गई जानकारी को कर्मियों की सेवा पुस्तिका से मिलाया जाएगा। इसमें खासकर इन बातों की जांच होगी…
- पुलिस कर्मी का नाम
- पिता का नाम
- पदनाम
- जन्म तिथि
- नियुक्ति तिथि
- भविष्य निधि खाता संख्या
- CPS या प्राण नंबर
- अन्य जरूरी जानकारी
इस मिलान और सत्यापन की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर और सेवा पुस्तिका प्रभारी को दी गई है।
बैंक खाता और IFSC की होगी पुष्टि
वेतन की राशि गलत खाते में जाने से रोकने के लिए बैंक विवरण की जांच को भी अनिवार्य कर दिया गया है। सभी कर्मियों को अपना बैंक पासबुक की कॉपी या कैंसिल चेक की कॉपी जमा करनी होगी। इन्हीं कागजातों से बैंक खाता संख्या और IFSC कोड का मिलान किया जाएगा। पुलिस विभाग का साफ कहना है कि अगर यह जांच नहीं होगी तो पैसे के गलत जगह ट्रांसफर होने की संभावना बढ़ जाती है।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर देना जरूरी
झारनेट में वही मोबाइल नंबर दर्ज करने को कहा गया है जो आधार से लिंक हो। इसका मकसद यह है कि OTP आधारित सत्यापन में कोई गड़बड़ी न हो और सुरक्षा बनी रहे।
ये दस्तावेज देना अनिवार्य
झारनेट प्रोफाइल अपडेट कराने के लिए इन दस्तावेजों की कॉपी देना जरूरी है…
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- बैंक पासबुक या कैंसिल चेक
सभी कॉपियां साफ और पढ़ने लायक होनी चाहिए, ताकि सत्यापन में कोई दिक्कत न हो।
फॉर्म नहीं जमा किया तो रुक जाएगा वेतन
SSP ने आदेश में साफ लिखा है कि जो कर्मी तय समय के अंदर फॉर्म और दस्तावेज जमा नहीं करेंगे, उनका मार्च 2026 से वेतन और भत्ता निकालने पर रोक लगा दी जाएगी।मतलब साफ है कि समय पर कागजात नहीं दिए तो अगले महीने से वेतन मिलना मुश्किल हो जाएगा।
लेखा शाखा में जमा होगा सत्यापित फॉर्म
पुलिस केंद्र में फॉर्म जमा होने के बाद परिचारी प्रवर सभी विवरणों का मिलान सेवा पुस्तिका और पे स्लिप से करेगा। सत्यापन के बाद परिचारी प्रवर अपनी मुहर और हस्ताक्षर के साथ फॉर्म को लेखा शाखा में जमा कराएगा।
SSP ने कहा, व्यवस्था साफ-सुथरी रखने के लिए जरूरी
SSP राकेश रंजन का कहना है कि यह कदम वेतन निकासी में पारदर्शिता लाने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जरूरी है। वित्त विभाग की रिपोर्ट के बाद सरकार ने सभी जगह सख्ती बढ़ा दी है और अब रांची पुलिस भी इसे गंभीरता से लागू कर रही है।
इसे भी पढ़ें : घर बना कैदखाना और फिर खौफनाक अंत, कांके में बच्ची की ह’त्या का सनसनीखेज खुलासा



