अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। शनिवार को IAS अधिकारी ऋतुराज ने रामगढ़ के 15वें उपायुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। समाहरणालय में आयोजित औपचारिक प्रक्रिया के दौरान निवर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
पदभार संभालने के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने साफ कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता यही रहेगी कि सरकार की हर योजना का फायदा गांव-गांव और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कई बार योजनाएं बनती हैं, लेकिन सही लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पातीं, इसे बदलना जरूरी है।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा खास फोकस
नए उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। अस्पतालों में बेहतर सुविधा, स्कूलों में पढ़ाई का स्तर और बुनियादी व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों क्षेत्रों में सुधार से सीधे लोगों की जिंदगी बेहतर होती है।
पुराने कामों को भी आगे बढ़ाया जाएगा
ऋतुराज ने यह भी कहा कि पूर्व उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के कार्यकाल में जो अच्छे काम शुरू हुए हैं, उन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा। प्रशासन की कोशिश रहेगी कि पहले से चल रही योजनाएं बीच में न रुकें और उनका फायदा लोगों को मिलता रहे।
जनता से जुड़कर काम करने की बात
उन्होंने संकेत दिया कि वे फील्ड में जाकर काम करने पर ज्यादा जोर देंगे। लोगों की समस्याएं सीधे सुनना और मौके पर समाधान निकालना उनकी कार्यशैली का हिस्सा होगा। साथ ही अधिकारियों को भी सक्रिय और जवाबदेह रहने के निर्देश दिए जाएंगे। जिले में नए डीसी के आने से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : अब रांची ग्रामीण में दिखेगा गौरव गोस्वामी का दम, रुरल एसपी ने संभाली कमान



