अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना ओटीसी मैदान के बगल में हुई, जहां भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
बाइक पर आए तीन अपराधी, फायरिंग कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और भार्गव सिंह पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद अपराधी तेजी से भाग निकले। लोगों ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अपराधी कुछ ही सेकेंड में आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग काफी दहशत में हैं।
सीने में लगी गोली, हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि गोली भार्गव सिंह के दाईं तरफ सीने में लगी है। घायल हालत में उन्हें पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल भार्गव सिंह की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
बैंक कॉलोनी के रहने वाले हैं भार्गव, चलाते हैं कंस्ट्रक्शन कंपनी
घायल भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी का रहने वाला है। वह गोल्डन सिटी इंडिया नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालित करता है। इलाके में उसका जमीन और निर्माण से जुड़ा काम लंबे समय से चल रहा है।
हुरहुरि में जमीन विवाद की बात आई सामने
सूत्रों के अनुसार, भार्गव सिंह हुरहुरि इलाके में नया प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान जमीन को लेकर उसका विवाद विजय हेंड्रिक टेटे नामक व्यक्ति से हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर कहासुनी भी हुई थी। लोगों का कहना है कि भार्गव को अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा और उस पर हमला करवा दिया जाएगा। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हर मंगलवार मंदिर आता था, पहले हुई रेकी
स्थानीय लोगों ने बताया कि भार्गव सिंह हर मंगलवार बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आता था। लोगों को शक है कि अपराधियों ने पहले उसकी रेकी की और फिर उसी समय को चुनकर हमला किया। इससे साफ है कि हमला पूरी योजना के तहत किया गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
गोलीबारी के बाद ओटीसी मैदान और मंदिर के आसपास का इलाका कुछ देर के लिए पूरी तरह सन्न रह गया। लोग डर के कारण घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
जल्द खुलासा करने का दावा
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल गोलीबारी की वजह और जमीन विवाद के एंगल पर जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : कमान संभालते ही SDPO राघवेंद्र बोले- अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं



