अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र में शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई दिनदहाड़े डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस कांड में अब एक नया खुलासा हुआ है। लूट के गहनों को घर के अंदर जमीन में गाड़कर छिपाया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर इस छिपे माल को बरामद कर लिया है। साथ ही मुख्य आरोपी की पत्नी नाजमा खातुन (40 वर्ष) और दामाद शहनवाज हुसैन (24 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बरकट्ठी इलाके के रहने वाले हैं। इस बात का खुलासा रामगढ़ के एसपी मुकेश लुनायत ने किया है।
दुकान मालिक के बयान पर दर्ज हुआ था केस
यह वही डकैती है जिसने 21 अप्रैल को पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर एनएच-23 के किनारे मौजूद शिव शंकर ज्वेलर्स में दोपहर करीब 3:40 बजे अपराधियों ने धावा बोला था। दुकान से बड़ी मात्रा में गहने और कीमती सामान लूट लिया गया था। घटना के बाद दुकान संचालक विष्णु प्रसाद ने रजरप्पा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके बयान के आधार पर रजरप्पा थाना कांड दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद व्यापारियों में डर का माहौल था। लोग सवाल उठा रहे थे कि दिनदहाड़े हाईवे किनारे इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।
एसपी ने बनाई थी खास टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने तुरंत एक विशेष जांच टीम बनाई। इस एसआईटी की कमान डीएसपी चंदन वत्स को दी गई। टीम ने तेजी से काम शुरू किया और 24 अप्रैल को सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 180 लूटे गए सामान, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन बाइक, एक चार पहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कपड़े भी बरामद किए थे। लेकिन पुलिस को अंदाजा था कि पूरा माल अभी हाथ नहीं लगा है और कुछ आरोपी अब भी बाहर हैं।
गुप्त सूचना से खुला राज
पुलिस लगातार बाकी आरोपियों और लूट के सामान की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 10 मई को एसपी को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका के परिवार तक पहुंची। पुलिस ने उसकी पत्नी नाजमा खातुन और दामाद शहनवाज हुसैन से पूछताछ की। पूछताछ में जो जानकारी मिली, उसने पुलिस को सीधे घर के अंदर पहुंचा दिया। बताया जाता है कि घर की जमीन के नीचे लूट का माल छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने निशानदेही पर जमीन खोदी और वहां से गहने बरामद कर लिए।
क्या-क्या मिला
पुलिस को इस छापेमारी में बड़ी मात्रा में गहने मिले हैं। बरामद सामान में सोने जैसा एक हार और दो झुमके कुल वजन करीब 49 ग्राम, चांदी जैसे कंगन, चूड़ियां और डिजाइनर गहने, 97 अंगूठियां, कुल करीब 134 पीस गहने और चांदी जैसे धातु कुल वजन करीब 1350 ग्राम शामिल हैं।
अभी खत्म नहीं हुई जांच
पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए भी लगातार छापेमारी चल रही है। अब पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या परिवार के दूसरे लोग भी इस लूट के माल को छिपाने या ठिकाने लगाने में शामिल थे। जांच टीम का मानना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
सराहनीय रही इनकी भूमिका
इस कार्रवाई में मांडू के सर्किल इंस्पेक्टर रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, रजरप्पा थाना के रोहित राज सिंह, आशीष कुमार गौतम, नागेंद्र सिंह आजाद समेत रजरप्पा थाना और कुजू ओपी की पुलिस टीम शामिल रही।
इसे भी पढ़ें : आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट ने दी बेल, OSD संजीव लाल भी होंगे रिहा

