अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधान परिषद के उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा ने सोमवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद के उपभवन सभागार में आयोजित किया गया, जहां राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। समारोह के दौरान पूरे माहौल में राजनीतिक गर्माहट और औपचारिक गरिमा दोनों देखने को मिलीं।
मंगल पांडेय के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट
यह सीट बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और सिवान के मौजूदा विधायक मंगल पांडेय के विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। इसी रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव में सूर्य कुमार शर्मा निर्विरोध चुने गए। निर्विरोध जीत को भाजपा के लिए एक अहम राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इसके साथ ही बिहार विधान परिषद में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। इससे सदन में पार्टी की स्थिति और मजबूत हुई है।

प्रभारी सचिव ने पढ़ी निर्वाचन अधिसूचना
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान महामहिम राज्यपाल की ओर से जारी निर्वाचन अधिसूचना को विधान परिषद के प्रभारी सचिव शंकर कुमार ने पढ़कर सुनाया। इसके बाद औपचारिक रूप से शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई।
कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री मदन सहनी, डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, श्रीमती रमा निषाद, ई शैलेन्द्र, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा विधान परिषद के सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, रीना देवी, निवेदिता सिंह, कुमुद वर्मा, विजय कुमार सिंह, अनिल सिंह और एनडीए के कई पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नीतीश से मिले सीएम सम्राट, आधे घंटे चली अहम बातचीत

