अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के पिता और वरिष्ठ नेता शकुनी चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। इसके बाद उन्हें पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। शकुनी चौधरी की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में चिंता का माहौल है। अस्पताल में मिलने वालों का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत चौधरी ने की मुलाकात
शकुनी चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार खुद आईजीआईएमएस पहुंचे और उन्होंने शकुनी चौधरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मंत्री ने डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें साफ निर्देश दिया कि शकुनी चौधरी के इलाज में कोई कमी न रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और डॉक्टरों की टीम पूरी सतर्कता के साथ इलाज कर रही है।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक शकुनी चौधरी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है। उनकी जांचें की जा रही हैं और जरूरी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इलाज आगे बढ़ाया जा रहा है। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें निगरानी में रखने की सलाह दी है। हालांकि उनकी बीमारी को लेकर अस्पताल की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
नीतीश कुमार की राजनीति में शकुनी चौधरी का अहम योगदान
शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति में एक बड़ा नाम रहे हैं। साल 1994 में जब नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ विद्रोह कर समता पार्टी बनाई, उस समय शकुनी चौधरी उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे जिन्होंने नीतीश का खुलकर साथ दिया था। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक नीतीश कुमार को पहली बार मुख्यमंत्री बनाने में शकुनी चौधरी की भूमिका काफी अहम रही थी। वे नीतीश कुमार के भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते थे और लंबे समय तक बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे।
समर्थकों में चिंता, जल्द स्वस्थ होने की दुआ
शकुनी चौधरी के बीमार होने की खबर के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता बढ़ गई है। लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अस्पताल में कई नेता और करीबी लोग भी पहुंचकर हालचाल लेने की तैयारी में हैं। फिलहाल सबकी नजर डॉक्टरों की रिपोर्ट और आगे की मेडिकल अपडेट पर टिकी हुई है।
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर बनेगा बिहार का अगला महानगर, 274 गांव अब शहर का हिस्सा

