अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव पद पर नवप्रोन्नत अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रोन्नति के लिए धन्यवाद दिया और नई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
सीएम हेमंत सोरेन ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी की होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अधिकारियों की जिम्मेदारी काफी अहम है। सीएम ने उम्मीद जताई कि सभी नवप्रोन्नत अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर काम करेंगे और जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सक्रियता और संवेदनशीलता से ही सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंच पाता है।
मुलाकात करने वाले अधिकारियों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी, सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की, एनी सरोजिनी तिर्की और गीतांजलि शामिल थीं।

इसे भी पढ़ें : नवदंपति धीरज-निकिता को आशीर्वाद दे गए सीएम हेमंत, समारोह में छा गई अलग रौनक

