अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची का चैंबर भवन शुक्रवार को दो राज्यों के बीच नए कारोबारी रिश्तों की संभावनाओं का गवाह बना। झारखंड फेडरेशन ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और कर्नाटक के बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के बीच आयोजित संयुक्त बैठक में जिस तरह उद्योग, निवेश, रोजगार और व्यापारिक साझेदारी को लेकर बातचीत हुई, उसने साफ संकेत दिया कि झारखंड अब खुद को नए औद्योगिक नक्शे पर मजबूती से स्थापित करना चाहता है। बैठक में झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरावा राजकमल और उद्योग निदेशक विशाल सागर की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अहम बना दिया। दोनों अधिकारियों ने खुलकर निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों के विस्तार और निवेशकों को सुविधाएं देने के लिए गंभीर है।
झारखंड अब सिर्फ खनिज राज्य तक सीमित नहीं रहना चाहता
बैठक के दौरान सबसे ज्यादा जोर इस बात पर रहा कि झारखंड अब केवल खनिज उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहता। राज्य सरकार की कोशिश है कि यहां खनिज आधारित उद्योगों की पूरी वैल्यू चेन विकसित हो। यानी सिर्फ खनन नहीं, बल्कि उससे जुड़े हाई एंड प्रोडक्ट और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी राज्य में ही तैयार हों। उद्योग सचिव अरावा राजकमल ने कहा कि झारखंड के पास खनिज संपदा की कोई कमी नहीं है। लिथियम, मैंगनीज, बॉक्साइट जैसे महत्वपूर्ण खनिज राज्य की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की सोच यह है कि राज्य को सिर्फ रॉ मटेरियल सप्लायर बनाकर न रखा जाए, बल्कि यहां वैल्यू एडिशन और आधुनिक उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बल्लारी जैसे औद्योगिक क्षेत्र से झारखंड काफी कुछ सीख सकता है। खासकर माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और आईटी सेक्टर में दोनों राज्यों के बीच सहयोग की अच्छी संभावनाएं हैं।

निवेशकों को लुभाने की तैयारी में सरकार
बैठक में यह साफ नजर आया कि झारखंड सरकार अब निवेश आकर्षित करने के लिए ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा रही है। उद्योग निदेशक विशाल सागर ने बताया कि इस साल पहली बार झारखंड ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में हिस्सा लिया। वहां राज्य ने अपने औद्योगिक और निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा। उन्होंने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन ने हाल ही में ब्रिटेन का दौरा भी किया, जहां निवेशकों के साथ कई स्तर पर बातचीत हुई। इसका उद्देश्य राज्य में बड़े निवेश लाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग, कृषि, पर्यटन और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में झारखंड में बड़ी संभावनाएं हैं। खासकर फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में राज्य तेजी से आगे बढ़ सकता है क्योंकि यहां कृषि उत्पादों की अच्छी उपलब्धता है।

टेक्सटाइल सेक्टर पर खास नजर
झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य की नई टेक्सटाइल नीति निवेशकों के लिए काफी आकर्षक है। उन्होंने कहा कि जल्द आने वाली नई औद्योगिक नीति राज्य में उद्योग लगाने वालों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में बिजली की कोई समस्या नहीं है और यहां प्रशिक्षित युवाओं की भी बड़ी संख्या मौजूद है। ऐसे में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट सेक्टर में बड़े निवेश की संभावना बन रही है। उनका कहना था कि अगर उद्योगों को सही माहौल और बेहतर आधारभूत संरचना मिले तो झारखंड पूर्वी भारत का बड़ा औद्योगिक केंद्र बन सकता है।
व्यापारिक रिश्तों के जरिए नई शुरुआत
बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि इसमें सिर्फ सरकारी अधिकारी ही नहीं, बल्कि दोनों राज्यों के व्यापारी और उद्यमी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी ने अपने कारोबार, अनुभव और संभावनाओं को साझा किया। चैंबर के महासचिव श्री रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह सिर्फ एक बैठक नहीं बल्कि दो राज्यों के बीच लंबे समय तक चलने वाले औद्योगिक संबंधों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जब कारोबारी सीधे संवाद करते हैं तो निवेश और व्यापार के नए रास्ते खुलते हैं।

महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी फोकस
बैठक में यह बात भी सामने आई कि राज्य सरकार कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है। सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिले और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाया जाए। इको टूरिज्म और सुपर फूड सेक्टर को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा और आदिवासी संस्कृति पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी ताकत बन सकती है।
बेंगलुरु में MSME कॉन्क्लेव का न्योता
बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चैंबर के अध्यक्ष श्री अव्वारु मंजूनाथ ने झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित होने वाले एमएसएमई कॉन्क्लेव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। बैठक के अंत में बल्लारी चैंबर की ओर से उद्योग सचिव अरावा राजकमल और उद्योग निदेशक विशाल सागर को सम्मानित किया गया।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत से प्रमोशन के बाद अफसरों ने की मुलाकात, मिला मार्गदर्शन

