अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में मौसम इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कहीं झमाझम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है तो कहीं सूरज की तपिश लोगों का जीना मुश्किल कर रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 27 जिलों के लिए 7 से 9 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
बारिश भी, गर्मी भी… बिहार में दिख रहा मौसम का दोहरा चेहरा
बिहार में फिलहाल मौसम का मिजाज पूरी तरह एक जैसा नहीं है। राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई इलाके अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान रोहतास जिले के डेहरी में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बक्सर, कैमूर, छपरा और पटना जैसे जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
ठनका बनी जानलेवा
बारिश के साथ ठनका भी लोगों के लिए खतरा बन रही है। पिछले 24 घंटे में जमुई, मुंगेर, बांका और बक्सर जिले में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद मौसम विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
कहीं बारिश, कहीं लू जैसे हालात
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का असर उत्तर और पूर्वी बिहार में ज्यादा दिख रहा है। इसी वजह से किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल और दरभंगा जैसे इलाकों में बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है। वहीं रोहतास, कैमूर, बक्सर और आसपास के इलाकों में अब भी गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। यही वजह है कि इन जिलों में तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है।
पटना में भी राहत के आसार
राजधानी पटना में शनिवार को कई इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी शहर में बादल छाए रह सकते हैं। हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।
मानसून के लिए बन रहा रास्ता
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हो रही बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण बादल बन रहे हैं और बारिश की स्थितियां तैयार हो रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रही तो मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो सकता है। इसका असर बिहार के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिलेगा।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि गरज-चमक के समय खुले मैदान में न जाएं। पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहें। खेतों में काम कर रहे किसान भी मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
इसे भी पढ़ें : ओलम्पिक स्तर की सुविधाओं से लैस होगा बिहार, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच : सीएम

