अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के धुर्वा इलाके से लापता बच्चों करण और अर्जुन की तलाश को लेकर पूरे झारखंड में चिंता का माहौल है। परिवार के लोग लगातार बच्चों की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं। इस बीच कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से बच्चों को खोजने में सहयोग करने की अपील की है। राहुल सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर झारखंडवासियों, पुलिस प्रशासन और मीडिया से बच्चों की तलाश में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही है। उसके नाम का यह पोस्ट अब खूब वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वायरल पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
फेसबुक पोस्ट में लोगों से मांगी मदद
राहुल सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि झारखंड की जनता लापता बच्चों करण और अर्जुन की खोज में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बच्चों के बारे में किसी तरह की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दे। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि किसी भी छोटी जानकारी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वही जानकारी बच्चों तक पहुंचने का रास्ता बन सकती है।

मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से की अपील
राहुल सिंह ने अपने संदेश में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड पुलिस प्रशासन से भी विशेष अभियान चलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए और मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि बच्चों की तलाश में जितनी तेजी से काम होगा, उनके सुरक्षित मिलने की संभावना उतनी ही बढ़ेगी।
मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बताया अहम
पोस्ट में राहुल सिंह ने मीडिया संस्थानों, पत्रकारों और सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की तस्वीर और जानकारी जितने अधिक लोगों तक पहुंचेगी, उतनी ही जल्दी कोई सुराग मिलने की उम्मीद बढ़ेगी। उसने लोगों से कहा कि वे इस पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि झारखंड के हर जिले, हर गांव और हर मोहल्ले तक यह संदेश पहुंच सके।
‘एक शेयर भी बदल सकता है किसी परिवार की जिंदगी’
राहुल सिंह ने अपने संदेश में अपील करते हुए लिखा कि एक कॉल, एक सूचना या एक शेयर भी किसी परिवार की खुशियां वापस ला सकता है। उन्होंने लोगों से मानवता के नाते आगे आने और बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने में सहयोग करने की अपील की। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि एक शेयर एक उम्मीद है और एक प्रयास किसी परिवार की मुस्कान वापस ला सकता है।
बच्चों की तलाश में जुटी है पुलिस
इधर, धुर्वा से लापता बच्चों की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जांच में सामने आया है कि बच्चे हटिया रेलवे स्टेशन तक पहुंचे थे। पुलिस को स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। हालांकि बच्चों के गायब होने के दौरान कुछ समय के लिए सीसीटीवी सिस्टम बंद रहने से जांच में दिक्कतें भी आ रही हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और बच्चों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। वहीं परिवार के लोग और स्थानीय लोग भी बच्चों की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : गोड्डा में BDO-CO-BLO को शोकॉज, सुपरवाइजर सस्पेंड… जानें क्यों

