अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kanpur : शुक्रवार की शाम ढल रही थी। गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर भाई और बहन साथ-साथ चल रहे थे। दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, लेकिन यह कोई सामान्य बातचीत नहीं थी। भाई बार-बार अपनी बहन को समझाने की कोशिश कर रहा था। “बहन, अब तुम्हारी शादी हो चुकी है। अपने पति के घर की लक्ष्मी बनकर रहो। प्रेमी के पास जाने की जिद छोड़ दो।” लेकिन बहन अपनी बात पर अड़ी थी। वह किसी भी कीमत पर अपने प्रेमी के साथ रहने का फैसला बदलने को तैयार नहीं थी। कुछ देर बाद खेतों के बीच बने सुनसान रास्ते पर जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला दिया। गुस्से से भरे भाई ने अपनी ही बहन का गला दबा दिया। वह बचने के लिए हाथ-पैर मारती रही, छटपटाती रही, लेकिन करीब डेढ़ मिनट बाद उसकी सांसें थम गईं। इसके बाद भाई ने लाश को उठाया और पास के कुएं में फेंक दिया। अगली सुबह जब वह खुद पुलिस थाने पहुंचा और बोला, “मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है”, तो पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए सन्न रह गए।
तीन साल पुरानी मोहब्बत बनी मौत की वजह
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बे की रहने वाली युवती का गांव के ही एक युवक से करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। युवक दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखता था। परिजनों के मुताबिक शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई, फिर नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे रिश्ता गहरा हो गया। घरवालों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। परिवार को उम्मीद थी कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। परिजनों का कहना है कि युवती परिवार की बात मानने को तैयार नहीं थी। इसी बीच उसकी शादी भी तय कर दी गई।
शादी हुई, लेकिन कहानी खत्म नहीं हुई
एक मई को युवती की शादी राधानगर थाना क्षेत्र के सोनहीं बड़नपुर गांव निवासी युवक से कर दी गई। परिवार को लगा कि शादी के बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा। लेकिन उनकी उम्मीद जल्द ही टूट गई। शादी के कुछ दिन बाद ही युवती मायके आई और फिर 13 मई की रात अपने प्रेमी के साथ चली गई। इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। कई दिनों तक तलाश चली और आखिरकार 16 मई को परिजन उसे वापस घर ले आए। बाद में पंचायत हुई, दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और समझौते के बाद युवती को फिर ससुराल भेज दिया गया। लेकिन प्रेम संबंधों का सिलसिला खत्म नहीं हुआ।
अहमदाबाद से लौटा भाई, दो दिन तक करता रहा समझाने की कोशिश
घटना का मुख्य आरोपी संदीप अहमदाबाद में मजदूरी करता था। जब उसे पता चला कि उसकी बहन शादी के बाद भी प्रेमी के संपर्क में है और उसके साथ रहने की जिद कर रही है, तो वह तुरंत घर लौट आया। 10 जून को वह बहन की ससुराल पहुंचा। वहां दो दिन तक रुका। इस दौरान उसने कई बार बहन को समझाया। कभी प्यार से, कभी गुस्से से। लेकिन हर बार जवाब वही मिला। बहन प्रेमी के साथ रहने की बात पर अड़ी रही। यहीं से संदीप के भीतर गुस्सा और बेचैनी बढ़ती चली गई।
खेत के पास पहुंचते ही फूट पड़ा गुस्सा
शुक्रवार शाम संदीप बहन को गांव ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया। दोनों टैक्सी से बिलंदा पहुंचे और वहां से पैदल गांव की तरफ चल पड़े। रास्ते भर दोनों के बीच बातचीत होती रही। भाई बार-बार समझाता रहा और बहन अपनी जिद दोहराती रही। जब दोनों हसवा कस्बे के पास एक खेत के करीब पहुंचे तो बहस तेज हो गई। पुलिस के सामने आरोपी ने बताया कि वह बहन को समझाते-समझाते थक चुका था। अचानक उसका गुस्सा फूट पड़ा। उसने जोर से चिल्लाते हुए बहन का गला पकड़ लिया। युवती खुद को बचाने के लिए पूरी ताकत लगाती रही, लेकिन सुनसान खेत में उसकी मदद के लिए कोई नहीं था। कुछ ही देर में सब खत्म हो गया।
कुएं में फेंकी लाश, जंगल में काटी पूरी रात
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया। उसने शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया और वहां से निकल गया। पूरी रात वह जंगलों और सुनसान इलाकों में भटकता रहा। उसके मन में भाग जाने का विचार भी आया। लेकिन बाद में उसे लगा कि अगर वह फरार हो गया तो शक उसके परिवार और बहन के ससुराल वालों पर जाएगा। यही सोचकर उसने आत्मसमर्पण करने का फैसला कर लिया।
सुबह थाने पहुंचा और बोला- “मैंने बहन को मार दिया”
शनिवार सुबह करीब आठ बजे आरोपी सीधे पुलिस चौकी पहुंचा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उसने कहा कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है और शव कुएं में फेंक दिया है। पहले तो पुलिसकर्मियों को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ। लेकिन जब पूछताछ हुई तो उसने पूरी घटना विस्तार से बता दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रेमी ने पहले ही जताया था खतरा
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि घटना से तीन दिन पहले युवती के प्रेमी ने पुलिस चौकी में उसकी जान को खतरा होने की शिकायत की थी। हालांकि चौकी प्रभारी ने ऐसी किसी शिकायत के मिलने से इनकार किया है। अब पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस क्या कह रही है
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती दूसरे समुदाय के युवक के साथ रहना चाहती थी और ससुराल में रहने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर भाई नाराज था। विवाद बढ़ा और उसने गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : अफेयर के शक में पत्नी का बवाल, टावर पर चढ़ किया हाई वोल्टेज ड्रामा

