अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि अंगदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जो कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां ला सकता है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अंग कई जरूरतमंद मरीजों के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकते हैं। इसलिए अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार को बारियातू रोड स्थित एक होटल में मोहन फाउंडेशन की ओर से आयोजित “बेस्ट प्रैक्टिसेज इन ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन” विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
अंगदान के कानूनी पहलुओं को समझना भी जरूरी
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन एक महत्वपूर्ण विषय है। इसके प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ इसके कानूनी पहलुओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचानी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इस दिशा में लगातार पहल कर रही है और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। जब समाज के सभी वर्ग इस अभियान से जुड़ेंगे, तभी इसका व्यापक असर दिखाई देगा।
परिजनों से संवाद बढ़ाने की जरूरत
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अस्पतालों में किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके परिजनों से अंगदान को लेकर संवेदनशील तरीके से बातचीत की जानी चाहिए। सही जानकारी और समझ के अभाव में कई बार लोग अंगदान जैसे महत्वपूर्ण फैसले नहीं ले पाते हैं। ऐसे में जागरूकता और संवाद दोनों जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह मानवता, संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
तकनीक ने चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में चिकित्सा क्षेत्र तेजी से तकनीक आधारित होता जा रहा है। आज रोबोटिक सर्जरी से लेकर लिवर और किडनी प्रत्यारोपण जैसी जटिल चिकित्सा प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक की जा रही हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग से मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार भी राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वस्थ झारखंड के निर्माण के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है।
कई विशेषज्ञ और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मणिपाल ऑर्गन शेयरिंग के कंट्री हेड कर्नल अवनीश, मोहन फाउंडेशन की कंट्री हेड ललिता रघुराम, क्रिटिकल केयर मणिपाल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मिश्रा तथा कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल के संस्थापक निदेशक डॉ. बी. कश्यप समेत कई विशेषज्ञ और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : कृषि मेले में बोले सीएम हेमंत- सरकार आधी जिम्मेदारी निभाएगी, आधी किसान उठाएं

