अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बारलोंग स्थित सम्राट होटल के समीप तेज रफ्तार बस और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय सड़क पर सामान्य आवाजाही हो रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ बस और ऑटो की भिड़ंत हुई, जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टक्कर इतनी जोरदार कि ऑटो पूरी तरह टूट गया
बताया जा रहा है कि ओम ट्रैवल्स की बस (जेएच-04आर-0737) रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑटो सड़क किनारे बुरी तरह दब गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक युवती समेत दो लोगों की गई जान
दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार सुकरीगढ़ा निवासी करीब 20 वर्षीय रिया कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। रिया अपने परिवार के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामगढ़ जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। रिया की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक मातम छा गया।
दो रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल
हादसे में रविरंजन भारती और अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पतरातू रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार वे विभागीय कार्य से मुरी गए थे और वापस लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने घायल यात्रियों को ऑटो से बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सका।
पुलिस पहुंची मौके पर, आधे घंटे तक लगा जाम
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल करने की कोशिश शुरू की। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर करीब 30 मिनट तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बाद में जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त ऑटो और बस को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत का विजन- अब तकनीक के दम पर बदलेगी झारखंड के शहरों की तस्वीर

