अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gumla : गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के हेलता अंबाटोली गांव में 35 वर्षीय नीलू देवी का शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि पति की कथित बेवफाई और सौतन के तानों से परेशान होकर नीलू देवी ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि नीलू देवी के पति मृत्युंजय उरांव ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी बसंती उरांव से उनका एक बेटा है, जबकि नीलू देवी से तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
रांची से लौटने के बाद बढ़ा विवाद, फिर चली गई जान
परिजनों के मुताबिक, 21 जून को मृत्युंजय उरांव रांची से घर लौटे थे। उनके घर पहुंचने के बाद दोनों पत्नियों का आमना-सामना हुआ। इस दौरान कहासुनी हुई और मामला इतना बढ़ गया कि घर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि सौतन के तानों और पति के व्यवहार से नीलू देवी काफी परेशान थीं। इसी तनाव के बीच उन्होंने अपनी जान दे दी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
धान रोपनी के लिए खेत गए थे घर वाले, लौटने पर मिला शव
घटना वाले दिन परिवार के अन्य सदस्य धान रोपनी के लिए खेत गए हुए थे। इसी बीच मृत्युंजय उरांव घर पानी पीने पहुंचे। कमरे में पहुंचते ही उन्होंने नीलू देवी को दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका देखा। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि जिस कमरे में यह घटना हुई, उसमें न दरवाजा था और न ही खिड़की। सूचना मिलने के बाद बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में पारिवारिक विवाद, पति की कथित बेवफाई, दूसरी शादी और मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर घोटाला : रसूखदारों के आगे बेबस हुआ बैंक, चेताने के बाद भी नहीं हटे ‘बेईमान’

