अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ से उड़ान भरने वाला एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे पुलिस लाइन के पीछे जाकर गिरा। हादसे में विमान उड़ा रही महिला प्रशिक्षु पायलट गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब चार बजे चेतक एविएशन का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अलीगढ़ के धनीपुर हवाई पट्टी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। विमान को 27 वर्षीय प्रशिक्षु पायलट कायनात खान उड़ा रही थीं। वह मुंबई निवासी कादर खान की पुत्री हैं।उड़ान के दौरान अचानक विमान में तकनीकी खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि पायलट ने विमान को संभालने की कोशिश में एक-दो चक्कर भी लगाए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
बिजली के तार से टकराकर नीचे गिरा विमान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नियंत्रण खोने के बाद एयरक्राफ्ट बिजली के तार से टकरा गया। इसके बाद वह पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे जाकर गिर पड़ा। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायल पायलट को एयरक्राफ्ट से बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
अलीगढ़ से पहुंची चेतक एविएशन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही चेतक एविएशन की तकनीकी टीम अलीगढ़ से कासगंज पहुंच गई। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। विमान के मलबे की भी बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विमान में तकनीकी खराबी कैसे आई और दुर्घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनीं। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती पायलट कायनात खान की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : कल से घर-घर पहुंचेंगे BLO, क्या करना होगा आपको… बता गए DDC

