अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के बहादुरपुर बाजार समिति स्थित फल मंडी में मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। गोली सीधे कारोबारी के सिर के पास लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने जिस जगह पर गोलीबारी हुई है, उस पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
साइलेंसर गन से हमले की आशंका, नहीं आई कोई आवाज
इस पूरी वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब गोली चली, तो आसपास के किसी भी शख्स को आवाज सुनाई नहीं दी। मंडी के लोगों का कहना है कि सब कुछ बेहद खामोशी से हुआ। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए साइलेंसर लगी बंदूक का इस्तेमाल किया है।
यूपी के रहने वाले हैं घायल कारोबारी
मामले की जानकारी देते हुए पूर्वी एसपी शैलजा ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 11 बजे फल मंडी में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो पता चला कि घायल शख्स का नाम राजकुमार प्रजापति है और वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह यहां मुंशी का काम करते हैं। एसपी ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को दो खोखे मिले हैं, जबकि कारोबारी को एक गोली लगी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि मौके पर मौजूद चश्मदीदों को भी यह अंदाजा नहीं हो पाया कि गोली किस दिशा से और किसने चलाई।
दुकानदारों में दहशत का माहौल, आपसी झगड़े की बात आई सामने
इस घटना के बाद से पूरी फल मंडी के व्यापारियों और दुकानदारों में भारी डर का माहौल है। मंडी के एक दुकानदार शशिकांत प्रसाद ने बताया कि सुबह 11 बजे के आसपास सभी लोग हमेशा की तरह आम बेच रहे थे। इसी दौरान अचानक खबर आई कि दुकान नंबर 194-195 पर गोपालजी प्रसाद के मुंशी को गोली मार दी गई है। शशिकांत के मुताबिक, जब वे लोग घबराकर मौके पर पहुंचे और दुकान मालिक गोपालजी से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि दुकान के ठीक सामने 4 से 5 लोग आपस में किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। उसी विवाद के बीच अचानक कैसे गोली चल गई और किसने मारी, यह किसी को समझ नहीं आया। मंडी में मौजूद दूसरे लोगों ने भी पुष्टि की है कि उन्हें गोली चलने की कोई आवाज नहीं आई थी। पुलिस अब मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : पहले नाबालिग की अस्मत लू’टी, फिर पहली पत्नी संग ढाया जु’ल्म, धराया

