अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के चर्चित डबल डाउन बार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी राहुल दुबे ने शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। थाना पहुंचते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। अब पुलिस उससे हत्या की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।जिला पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कई जगहों पर छापेमारी की गई और फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस का मानना है कि इसी बढ़ते दबाव की वजह से राहुल दुबे ने सरेंडर करने का फैसला लिया।हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि आरोपी ने किन परिस्थितियों में आत्मसमर्पण किया, लेकिन शहर में चर्चा है कि लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर से आरोपी अब खुद ही कानून के सामने आ रहे हैं।सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो भी कानून से भागने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस के सामने हुआ था जानलेवा हमला
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में हिमांशु सिंह पर चापड़ से हमला किया गया था। बताया जाता है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई थी। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इस घटना के बाद शहर में काफी आक्रोश देखने को मिला था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि राहुल दुबे फरार चल रहा था।
अब आगे की जांच पर नजर
राहुल दुबे के सरेंडर के बाद पुलिस को उम्मीद है कि हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं। जांच टीम अब उससे पूछताछ कर वारदात की पूरी कहानी, हमले की वजह और अन्य फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

