अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है, जिसमें बिहार के नालंदा जिले के एक ही परिवार और रिश्तेदारों समेत 13 लोगों की जान चली गई। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए एकमात्र व्यक्ति के समुचित इलाज के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक जताया है और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
रामगढ़ में पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 29, 2026
पत्नी की टीचर की नौकरी लगने की खुशी में पूजा करने जा रहा था परिवार
यह दर्दनाक हादसा शनिवार देर रात करीब दो बजे हुआ, जब नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले 14 लोग एक स्कॉर्पियो में सवार होकर रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। दरअसल, जंघारो गांव के मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद की पत्नी अमृता की हाल ही में टीचर की नौकरी लगी थी। इसी खुशी में पूरा परिवार और करीबी रिश्तेदार माता के दर्शन करने निकले थे। इस दुर्घटना में विवेकानंद, उनकी पत्नी अमृता, मां, दो बेटे और एक बेटी की मौत हो गई है। इनके अलावा गाड़ी में सवार विवेकानंद के तीन मौसेरे भाई, मौसेरी बहन, बहन का परिवार, स्कूल की देखरेख करने वाले कर्मचारी और ड्राइवर की भी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक विवेकानंद की मामी फूला देवी ने बिलखते हुए बताया कि सभी लोग हंसी-खुशी पूजा करने गए थे, लेकिन इस हादसे में पूरा परिवार ही खत्म हो गया। वहीं, मृतक राजू की मां ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को साथ जाने से मना भी किया था, लेकिन विवेकानंद के कहने पर वह चला गया और सुबह चार बजे उन्हें इस अनहोनी की सूचना मिली।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की भारी वाहन से टक्कर, ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात दो बजे पैंकी गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आगे चल रही किसी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई या किसी अज्ञात बड़े वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के किनारे जा खिसकी और अंदर बैठे सभी श्रद्धालु बुरी तरह फंस गए। रात के सन्नाटे में जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
रामगढ़ डीसी और एसपी ने लिया जायजा, अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज
इस भीषण दुर्घटना में केवल एक ही व्यक्ति की जान बच पाई है, जिसे गंभीर हालत में रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के डीसी, एसपी और एसडीपीओ आलोक रंजन सहित जिले के तमाम आला अधिकारी घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ आलोक रंजन ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : पत्नी की सरकारी नौकरी लगने की खुशी में जा रहे थे रजरप्पा, रास्ते में उजड़ गया पूरा वंश








