अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने से राज्य में उत्साह का माहौल है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बिहार संग्रहालय का जिक्र करना हर बिहारवासी के लिए गर्व और गौरव की बात है। रविवार को पटना स्थित बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री के इस रेडियो कार्यक्रम के 140वें एपिसोड को सुनने के बाद सीएम ने पीएम मोदी के प्रति हार्दिक आभार जताया।
सीएम बोले- विश्व के टॉप 100 संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम का 9वां स्थान
सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार संग्रहालय की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह म्यूजियम राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत का सबसे बड़ा प्रतीक है। दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इसे नौवां स्थान और पूरे एशिया में पहला स्थान प्राप्त होना बिहार की बड़ी सांस्कृतिक जीत है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस गौरवशाली उपलब्धि को राष्ट्रीय मंच से साझा करने से अब बिहार की विरासत देश और दुनिया के हर कोने तक पहुंचेगी।

नशामुक्त भारत और फिटनेस के संकल्प को युवाओं के लिए बताया प्रेरणादायी
सीएम सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सामाजिक संदेशों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का जो आह्वान किया है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। नशे की लत से बाहर निकलने वाले युवाओं की कहानियों के जरिए समाज को जागरूक करने का प्रयास सराहनीय है। इसके साथ ही फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जन-आंदोलन बनाने और रोजाना खेल व व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रधानमंत्री की अपील स्वस्थ भारत के निर्माण को गति देगी।

साइबर सुरक्षा पर पीएम के संदेश को बताया हर नागरिक के लिए जरूरी
सीएम ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा और तकनीक के प्रति जागरूकता हर व्यक्ति की जरूरत बन गई है। प्रधानमंत्री ने इस विषय पर जो बात कही है, वह आम नागरिकों को सुरक्षित रखने में मदद करेगी। सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश की विविध उपलब्धियों, प्रेरक लोगों और स्थानीय धरोहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी को बढ़ावा देता है और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका तय करता है। अंत में सीएम ने बिहार की संस्कृति को सम्मान देने के लिए पीएम मोदी को फिर से धन्यवाद दिया।
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ में 13 मौ’तों पर CM सम्राट ने जताया शोक, बोले- पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार








