अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के डूमचीर जेटकाटोला गांव में 21 वर्षीय मारुति मरांडी की हत्या का मामला आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। जिस वारदात ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया था, उसमें पुलिस ने एक नाबालिग को डिटेन किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी, खून से सना टी-शर्ट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर यह सफलता मिली है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सुबह मां ने जगाने की कोशिश की, सामने था खून से सना मंजर
8 जुलाई की सुबह गांव में सब कुछ सामान्य था। लोग अपने-अपने काम की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मारुति मरांडी की मां मरांगमाई हेंब्रम बेटी को जगाने उसके कमरे में पहुंचीं। जैसे ही उनकी नजर बिस्तर पर पड़ी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मारुति खून से लथपथ पड़ी थी। उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे और पूरा बिस्तर खून से लाल हो चुका था।
मां की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़ पड़े। कुछ ही देर में पूरे गांव में खबर फैल गई। लोगों की भीड़ घर के बाहर जमा हो गई। सूचना मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
एसआईटी बनी, तकनीकी जांच और डॉग स्क्वॉड की मदद से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर के एसडीपीओ विजय कुमार की अगुवाई में एसआईटी गठित की गई। टीम में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस के अलावा तकनीकी शाखा, एफएसएल रांची और डॉग स्क्वॉड को भी शामिल किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों, मोबाइल तकनीकी इनपुट और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। इसी कड़ी में एक संदेही नाबालिग तक पुलिस पहुंची। पूछताछ में मिले सुराग के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी के बेंट वाली टांगी, खून से सना टी-शर्ट और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे निरुद्ध कर लिया।
21 साल की उम्र में तीन शादियां, मायके में रह रही थी मारुति
मारुति मरांडी की जिंदगी भी कम उतार-चढ़ाव वाली नहीं रही। गांव के लोगों के मुताबिक उसकी उम्र महज 21 साल थी, लेकिन इस दौरान उसकी तीन शादियां हो चुकी थीं। फिलहाल वह अपनी मां के साथ मायके में रह रही थी। उसके वैवाहिक जीवन में क्या परेशानियां थीं, रिश्ते क्यों टूटे और हाल के दिनों में किन लोगों से उसका संपर्क था, पुलिस ने इन सभी पहलुओं की भी जांच की।
हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं क्या है। एसडीपीओ का कहना है कि कुछ व्यक्तिगत कारणों के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पाकुड़ के चर्चित 21 वर्षीय मारुति मरांडी हत्याकांड में एक नाबालिग डिटेन, टांगी, खून से सना टी-शर्ट और मोबाइल बरामद। SDPO विजय कुमार क्या बोले…#Pakur #Amrapara #Jharkhand #CrimeNews #MarutiMarandi #BreakingNews #JharkhandNews #NewsSamvad #TodayNews #LatestNews #TrendingNews pic.twitter.com/bq0e9RB3e6
— News Samvad (@newssamvaad) July 12, 2026
इसे भी पढ़ें : थाना के बगल में शराबियों का अड्डा! ‘प्रहरी’ के बीच बस स्टैंड में खुलेआम छलक रहे जाम

