अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सावन का महीना जहां भक्ति और उत्सव का संदेश लेकर आता है, वहीं अर्पिता महिला मंडल ने इस मौके को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए एक खास पहल की। जवाहर नगर में कार्यरत स्वच्छता मित्रों, मालियों और अन्य श्रमिकों के बीच ट्रॉली बैग और भोजन के पैकेट वितरित कर उनके प्रति सम्मान जताया गया।
अर्पिता महिला मंडल, रांची की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अर्पिता महिला मंडल, राजहरा, बरकाकाना और गिरिडीह क्षेत्र की सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन और सभी सदस्यों के सहयोग से किया गया।
40 श्रमिकों को मिले ट्रॉली बैग, भोजन भी कराया गया उपलब्ध
कार्यक्रम के दौरान कुल 40 श्रमिकों को ट्रॉली बैग दिए गए। इसके साथ ही सभी के बीच भोजन के पैकेट भी वितरित किए गए। आयोजन का उद्देश्य सिर्फ जरूरत की सामग्री देना नहीं था, बल्कि उन लोगों के प्रति सम्मान प्रकट करना भी था जो हर दिन शहर की साफ-सफाई, बागवानी और अन्य जरूरी सेवाओं में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।
महिला मंडल की सदस्यों ने श्रमिकों से बातचीत भी की और उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।

समाज सेवा के ऐसे काम आगे भी जारी रहेंगे
अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने कहा कि समाज के श्रमिक वर्ग का सम्मान करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्र, माली और अन्य श्रमिक बिना किसी अपेक्षा के पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे लोगों के लिए सम्मान और सहयोग की भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अर्पिता महिला मंडल आगे भी इसी तरह के जनकल्याण और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों ने अर्पिता महिला मंडल और सभी सहयोगकर्ताओं का आभार जताया। रांची, राजहरा, बरकाकाना और गिरिडीह क्षेत्र की महिला मंडलों के संयुक्त प्रयास और बेहतर समन्वय से पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें : कोयले की कालिख के बीच ‘फाइव-स्टार’ रेटिंग के साथ चमके CCL के तीन सितारे

