अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ छावनी फुटबॉल मैदान में रविवार को खेले गए शांति देवी जैन मेमोरियल अंडर-16 इंटर स्कूल/क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल ने TRCC मुरपा को 32 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम ने सत्र 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल ने 30 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में TRCC मुरपा की पूरी टीम 27.4 ओवर में 130 रन पर सिमट गई।
डेविड प्रसाद ने खेली 72 रन की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल की शुरुआत अच्छी रही। डेविड प्रसाद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए। उन्होंने टीम की पारी को संभालते हुए स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आयुष ने भी 23 रन की उपयोगी पारी खेली। TRCC मुरपा की ओर से ईशानराज गुप्ता सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट झटके। आलोक टुडू ने 2 विकेट लिए, जबकि सुमित और पीयूष को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए 130 रन पर ढेर हुई मुरपा की टीम
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी TRCC मुरपा की टीम श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। ईशानराज गुप्ता ने बल्ले से भी टीम को संभालने की कोशिश की और 35 रन बनाए। सुमित ने 25 और आलोक टुडू ने 18 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम के बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। पूरी टीम 27.4 ओवर में 130 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल ने 32 रन से फाइनल मुकाबला जीत लिया।
आयुष कुमार ने झटके 3 विकेट
श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल की जीत में गेंदबाज आयुष कुमार का प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने 6 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद शरीक और चिरागनाथ ने 2-2 विकेट लेकर मुरपा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। फाइनल मुकाबले में रवि मुंडा और राहुल महतो ने अंपायर की भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण में जुटे क्रिकेट से जुड़े लोग
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें रामगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के विनय कुमार सिंह, अरुण कुमार राय, वीरेंद्र पासवान, उपेंद्र प्रसाद सिंह, परमदीप सिंह कालरा, महावीर अग्रवाल और रोहित कुमार मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल और उपविजेता TRCC मुरपा की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही बी डिवीजन लीग टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को भी ट्रॉफी प्रदान की गई।
अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट से स्कूल और क्लब स्तर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। फाइनल जीतने के बाद श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया।
इसे भी पढ़ें : अर्जुन मुंडा ने CM हेमंत से की हाईलेवल जांच की मांग, किस वास्ते… जानें

