अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरी हुआ 12 चक्का ट्रक कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर लिया। ट्रक को हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची, उससे पहले ही आरोपी ट्रक छोड़कर फरार हो चुका था। अब पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
माल खाली करने के बाद सड़क किनारे खड़ा किया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, ट्रक मालिक मोहम्मद महताब अंसारी, पिता कमालुद्दीन मियां, ग्राम उआग, बलसगरा, थाना मांडू, जिला हजारीबाग ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2026 को माल खाली करने के बाद उन्होंने अपना 12 चक्का ट्रक संख्या JH13P5326 नया मोड़ से तोपा जाने वाली सड़क के किनारे खड़ा किया था।
इसके बाद वह घर चले गए। अगले दिन जब वह ट्रक लेने के लिए मौके पर पहुंचे तो वहां ट्रक गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी ट्रक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद मांडू (कुज्जू) थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। इस मामले में थाना कांड संख्या 171/26, दिनांक 18 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/3(5) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को ट्रक के हजारीबाग की ओर ले जाए जाने की सूचना मिली।
हजारीबाग पुलिस के सहयोग से इचाक में मिला ट्रक
सूचना मिलते ही एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार और सशस्त्र बल के साथ ट्रक की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर ट्रक का पीछा किया और हजारीबाग पुलिस से संपर्क किया। दोनों जिलों की पुलिस के सहयोग से इचाक थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान चोरी किया गया 12 चक्का ट्रक बरामद कर लिया गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग निकला आरोपी
पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। अब जांच टीम आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की इस घटना में शामिल आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था।
इसे भी पढ़ें : अर्जुन मुंडा ने CM हेमंत से की हाईलेवल जांच की मांग, किस वास्ते… जानें

