अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास बीती देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर पुलिस के हाथ लग गई। हादसे के बाद युवक ने हिम्मत दिखाई और स्कॉर्पियो का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर रुकवा लिया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो अंदर बड़े-बड़े बोरे रखे मिले। बोरों को खोलते पुलिस चौंक पड़ी। इन बोरों में भारी मात्रा में ‘टिक टॉक खैनी’ लदी थी।
टक्कर के बाद युवक ने किया पीछा
जानकारी के अनुसार, बीती देर रात एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क से गुजर रही थी। सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर आगे निकल गया। युवक ने भी उसका पीछा शुरू कर दिया और कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो को रुकवा लिया। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी।
एसडीपीओ ने चालक से की पूछताछ
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ कुमार गौरव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कॉर्पियो के चालक से पूछताछ की। इसके बाद वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर बड़े-बड़े बोरे दिखाई दिए। पुलिस ने जब बोरों के बारे में चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उनमें खैनी लदी हुई है। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
शमसेरगंज से लोड कर महेशपुर ले जाने की बात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो में लदी खैनी पश्चिम बंगाल के शमसेरगंज थाना क्षेत्र से लोड की गई थी। इसे पाकुड़ जिले के महेशपुर ले जाया जा रहा था। हालांकि, वाहन में खैनी की कुल मात्रा कितनी है और इसे ले जाने से जुड़े सभी कागजात सही हैं या नहीं, इसकी जांच अभी बाकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि खैनी का परिवहन नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में होगी विस्तृत तलाशी
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। वाहन में खैनी होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद स्कॉर्पियो की विस्तृत तलाशी ली जाएगी। इसके बाद बरामद खैनी की सही मात्रा, उसके कागजात और वाहन से संबंधित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के हर गांव तक पहुंचेगा 5G, सीएम हेमंत बोले- वंचित न रहे कोई इलाका

