अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में खेलों को लेकर एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। राजधानी रांची में 26 जुलाई से 135वें डूरंड कप का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में सीएम हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। इसे लेकर शुक्रवार को खेल विभाग और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग 23 आईबीजी मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा और सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री के आवासीय कार्यालय में सीएम हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डूरंड कप के 135वें संस्करण के आयोजन से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन 26 जुलाई 2026 से रांची में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह और पहले मैच में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।

फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास मौका
डूरंड कप देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल है। ऐसे में रांची में इसके आयोजन से राज्य के फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। टूर्नामेंट के दौरान देश की प्रमुख फुटबॉल टीमें और खिलाड़ी रांची में नजर आएंगे। इससे राजधानी में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। झारखंड में फुटबॉल की अपनी मजबूत पहचान रही है। राज्य के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय है। ऐसे में डूरंड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट का रांची में आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए खास महत्व रखता है।

आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
डूरंड कप के आयोजन को लेकर राज्य सरकार और सेना के अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह से लेकर मैचों के आयोजन तक की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने के लिए हुई यह मुलाकात भी इसी तैयारियों का हिस्सा रही। सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से मुलाकात के दौरान आयोजन से जुड़ी जानकारी ली। डूरंड कप के रांची में आयोजन से राजधानी में खेल का माहौल और मजबूत होने की उम्मीद है। 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

इसे भी पढ़ें : झारखंड के हर गांव तक पहुंचेगा 5G, सीएम हेमंत बोले- वंचित न रहे कोई इलाका

