अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सरगर्मी काफी बढ़ गई है। सत्ताधारी एनडीए गठबंधन ने बांकीपुर सीट पर अपनी जीत का दावा करते हुए विपक्ष, खासकर प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद समेत एनडीए नेताओं ने पटना स्थित पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपनी बात रखी।
हार की बौखलाहट में लगा रहे गलत आरोप : रविशंकर प्रसाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए पूरी मजबूती से उतरा है और उसे जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे। रविशंकर प्रसाद ने प्रशांत किशोर (जन सुराज) पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चुनाव से पहले ही हार के डर से घबरा गए हैं। इसी वजह से वे चुनाव आयोग, प्रशासन और पैसे के इस्तेमाल जैसे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रशांत किशोर का यह रवैया राहुल गांधी की राजनीति जैसा ही दिख रहा है।
जीविका दीदियों पर बयान को बताया महिलाओं का अपमान
एनडीए नेताओं ने प्रशांत किशोर द्वारा जीविका दीदियों को लेकर दिए गए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। रविशंकर प्रसाद और जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों के खिलाफ की गई टिप्पणियां बिहार की महिलाओं और खासतौर पर दलित, पिछड़े और अति-पछड़े समाज की बहनों के सम्मान पर सीधा हमला हैं। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर से मांग की कि अगर उन्होंने ऐसी गलत टिप्पणियां की हैं, तो उन्हें जनता के सामने आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही नीरज कुमार ने जन सुराज से जुड़े लोगों पर होटलों के बिल भुगतान न करने और वित्तीय गड़बड़ियों के भी आरोप लगाए।
तेजस्वी यादव की गायब रहने पर उठाए सवाल
जेडीयू नेता नीरज कुमार ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब चुनाव प्रचार का सबसे अहम समय चल रहा था, तब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मैदान से गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल एक पिछड़े वर्ग की महिला उम्मीदवार का राजनीतिक अपमान कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के बिल्कुल खिलाफ है।
विकास के दम पर मांग रहे वोट
रविशंकर प्रसाद ने बांकीपुर सीट के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह सीट बीजेपी की पारंपरिक और मजबूत सीट रही है। यहां से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन के बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट खाली हुई है। उन्होंने सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सूची गिनाते हुए बताया कि एनडीए सरकार ने पटना में अटल पथ, जेपी गंगा पथ, नई वंदे भारत ट्रेनें, नए एयरपोर्ट का निर्माण, पीएमसीएच (PMCH) का कायाकल्प और फोरलेन सड़कों जैसे बड़े काम किए हैं। एनडीए इन विकास कार्यों, सुशासन और जनता के विश्वास के दम पर ही चुनाव मैदान में उतरी है और उसे पूरा भरोसा है कि जनता एक बार फिर बीजेपी को ऐतिहासिक जनादेश देगी।
विपक्ष की जमानत होगी जब्त : नवल किशोर यादव
बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने कहा कि बांकीपुर की जनता पढ़ाई, विकास और मातृशक्ति के सम्मान को ध्यान में रखकर वोट डालेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे कितना भी भ्रम फैला ले या झूठा प्रचार कर ले, जनता सब समझती है। नवल किशोर यादव ने दावा किया कि एनडीए उम्मीदवार भारी मतों से चुनाव जीतेंगे और विपक्षी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीतामढ़ी में कचरे से बना कंचन तो PM ने थपथपाई पीठ, CM बोले- पूरे बिहार में चलेगा ‘वेस्ट टू वेल्थ’

