अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jhansi : माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका साथी सोनू भी जान गंवा बैठा, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना पूंछ थाना क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई। हादसे की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और अस्पताल के साथ-साथ पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
जेल में भाई अली से मुलाकात के बाद लौट रहा था काफिला
पुलिस के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों उमर अहमद, मोहम्मद जैद, असलम और सोनू के साथ झांसी जिला जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने आया था। मुलाकात पूरी होने के बाद सभी एक ही कार से वापस लौट रहे थे। पूंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया।
बताया जा रहा है कि चालक ने जानवर को बचाने के लिए अचानक कार मोड़ी, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार का बैलेंस बिगड़ गया। देखते ही देखते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में पूंछ थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भेजा।

अस्पताल पहुंचते ही दो को मृत घोषित किया गया
घायलों को सबसे पहले मोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अबान अहमद और उसके साथी सोनू को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने हादसे की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त मेडिकल टीम को सक्रिय कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों के इलाज की जानकारी ली।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
अबान अहमद की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। अतीक अहमद के परिवार से जुड़े मामले को देखते हुए अस्पताल परिसर और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही। शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि हाईवे पर अचानक जानवर आने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
परिवार का सबसे छोटा बेटा था अबान
अबान अहमद, अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। उसके पिता अतीक अहमद और भाई अशरफ की अप्रैल 2023 में प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार के कई सदस्य अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। बड़ा भाई अली अहमद इस समय झांसी जेल में निरुद्ध है। ऐसे में भाई से मुलाकात कर लौटते वक्त हुए इस हादसे ने परिवार को एक और गहरा झटका दिया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर हादसे के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : JPSC परीक्षा घोटाले की जांच में बड़ा एक्शन, CID ने रांची और लखनऊ से पांच को दबोचा











