अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झानागड़ीया गांव में गुरुवार भोरे-भोर ऐसा खूनी मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके की रूह कंपा दी। जिस घर में रात तक परिवार साथ था, सुबह वहीं दो महिलाओं की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। आरोप है कि घर जमाई के रूप में रह रहा एबरास अंसारी अपनी ही पत्नी और सास के लिए मौत बनकर टूट पड़ा। तलवार से किए गए ताबड़तोड़ वार में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
आधी रात का झगड़ा, फिर खून से लाल हो गया घर
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बिचामहल निवासी एबरास अंसारी अपनी ससुराल झानागड़ीया गांव में घर जमाई बनकर रह रहा था। बुधवार देर रात किसी बात को लेकर घर के भीतर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते गुस्से में आरोपी ने तलवार उठा ली। इल्जाम है कि उसने सबसे पहले अपनी 20 वर्षीय पत्नी गुलचेहरा बीवी पर ताबड़तोड़ वार किए। पत्नी को बचाने के लिए बीच में आई 45 वर्षीय सास मैनेजा बेवा भी उसके निशाने पर आ गई। तलवार के लगातार वार से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। घर के अंदर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी बिना पीछे देखे मौके से भाग निकला।
खून से सना घर, चीख-चीत्कार और फिर गांव में सन्नाटा
सुबह जब ग्रामीणों को वारदात की जानकारी मिली तो हर कोई सन्न रह गया। घर के अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। फर्श पर खून फैला था और दोनों महिलाओं के शव पड़े थे। पूरे गांव में मातम और दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि इतनी नृशंस घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पश्चिम बंगाल में मजदूरी करता था और घटना वाले दिन ही गांव लौटा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद वह इतना बड़ा खून-खराबा कर देगा। हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस घरेलू विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
तीन बच्चों का सब कुछ उजड़ा, पुलिस की तफ्तीश शुरू
इस दोहरे हत्याकांड ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी भी तबाह कर दी। आरोपी और मृतका के दो बेटियां और एक दूधमुंहा बेटा है। एक ही रात में बच्चों ने अपनी मां और नानी दोनों को खो दिया। गांव के लोग बच्चों को देखकर भावुक हो रहे हैं और पूरे परिवार पर टूटी इस त्रासदी की चर्चा हर जुबान पर है। घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया। मृतका की बहन नूरनेहा बीवी के फर्द बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
थानेदार विवेक कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं। तकनीकी सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात सिर्फ घरेलू विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई और वजह भी छिपी है। फिलहाल झानागड़ीया गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग इस खूनी रात की चर्चा करते नहीं थक रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : डबल प्रॉफिट का सपना दिखा ऐंठा करोड़ों, अब ED ने कई ठिकानों पर मारा छापा











