अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Darbhanga : दरभंगा में सड़क और पुल निर्माण की बड़ी परियोजनाओं को अब जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में रविवार को पटना में हुई समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे सड़क और पुल निर्माण के काम की स्थिति देखी गई। बैठक में अधिकारियों से परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, जमीन अधिग्रहण, सड़क की डिजाइन, यातायात और निर्माण में आ रही अड़चनों की जानकारी ली गई।
बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल समेत बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, एनएचएआई और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहे। दरभंगा, समस्तीपुर और जयनगर क्षेत्र के कार्यपालक अभियंताओं से भी अलग-अलग परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
एलिवेटेड रोड और ROB से जाम से मिलेगी राहत
दरभंगा शहर में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए एलिवेटेड रोड और रेलवे ओवरब्रिज की परियोजनाओं को खास तौर पर जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में दरभंगा एलिवेटेड रोड और लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक और पंडासराय में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति भी देखी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिल सकती है। खासकर व्यस्त इलाकों में वाहनों की आवाजाही आसान होगी। सड़कें बेहतर होने से स्थानीय कारोबारियों, मंडियों और व्यापारियों को भी माल लाने और ले जाने में सुविधा मिलेगी।
दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के लिए बनने वाली अप्रोच रोड की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही शिवधारा-हरपुर सड़क के चौड़ीकरण और हराही-दिग्धी-गंगासागर पोखर एकीकरण परियोजना की प्रगति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
जमीन और दूसरी अड़चनें जल्द दूर करने का निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कई परियोजनाओं के रास्ते में जमीन अधिग्रहण समेत कुछ अन्य अड़चनें हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। मंत्री ने निर्देश दिया कि जहां भी भूमि अधिग्रहण, बिजली या दूसरी उपयोगी सेवाओं की लाइन हटाने और पेड़ कटाई जैसी समस्या है, उसे संबंधित विभागों के साथ मिलकर जल्द सुलझाया जाए।
मंत्री ने कहा कि जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त संसाधन लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। जो परियोजनाएं तय समय से पीछे चल रही हैं, उन्हें संशोधित लक्ष्य तिथि के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सोमवार को दरभंगा पहुंचेगी मुख्यालय की टीम
परियोजनाओं की जमीन पर स्थिति देखने के लिए पथ निर्माण विभाग के मुख्यालय से वरीय अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को दरभंगा जाएगी। टीम अलग-अलग निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेगी और काम में आ रही दिक्कतों की जानकारी लेगी। इसके बाद जरूरी कदम उठाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने कहा कि सभी परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। समय से पीछे चल रहे काम को जल्द पूरा कराने के लिए नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही करने वाली एजेंसियों के खिलाफ डिबार की कार्रवाई की जा रही है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि दरभंगा की सड़क और पुल परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यालय स्तर से इन योजनाओं की निगरानी जारी रहेगी, ताकि लोगों को जल्द बेहतर सड़क और यातायात की सुविधा मिल सके।
इसे भी पढ़ें : शहीदों के नाम रही आजादी की शाम, CM सम्राट बोले- उनकी कुर्बानी से मिली हमें खुली हवा में सांस













