अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राज्य की तरक्की और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार वर्ष 2050 का खाका तैयार कर रही है। यह बात सीएम हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। विधानसभा परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन और गवर्नर संतोष कुमार गंगवार मुख्य रूप से शामिल हुए। सीएम ने राज्यवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सरकार का पूरा जोर इस बात पर है कि विकास की हर योजना का लाभ समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी मुख्यधारा से वंचित न रहे।

दूसरे राज्य भी ले रहे झारखंड की योजनाओं से प्रेरणा
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने अपनी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर पूरे देश में एक अलग पहचान बनाई है। खासकर महिला सशक्तिकरण और आम लोगों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा और तारीफ दूसरे राज्यों में भी हो रही है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि आज झारखंड की कार्यप्रणाली और योजनाएं देश के अन्य राज्यों के लिए नजीर बन रही हैं और कई राज्य इससे प्रेरणा ले रहे हैं। सीएम ने कहा कि अलग झारखंड राज्य हमारे पूर्वजों और आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष व बलिदान का नतीजा है, इसलिए उनके सपनों को पूरा करना और राज्य को समृद्ध बनाना हम सभी की बड़ी जिम्मेदारी है।

लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में हर कोई समान है
विधानसभा की गरिमा पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि यह राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है, जहां सभी लोग एक समान हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसकी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि यहां संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि, समितियां और अधिकारी सभी का एक ही लक्ष्य है कि जनसामान्य के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले लिए जाएं। सीएम ने सभी से पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और गहरा हो सके।

मझगांव विधायक निरल पूर्ति बने उत्कृष्ट विधायक
समारोह के दौरान गवर्नर संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया। इस वर्ष मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों व कर्मचारियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिला। मंच से विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, नवीन जायसवाल और प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित कई विधायक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।


इसे भी पढ़ें : ललपनिया में सजेगा आस्था का दरबार, सीएम हेमंत को मिला न्योता




