अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। विज्ञापन में कृति अपने भाई को राखी बांधती नजर आ रही हैं। उनके साथ उनका पालतू कुत्ता भी दिखाई देता है। भाई को राखी बांधने के बाद कृति अपने पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती हैं। विज्ञापन का मकसद भाई-बहन के रिश्ते के साथ पालतू जानवरों के प्रति लगाव को दिखाना है, लेकिन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा कृति के कपड़ों को लेकर हो रही है। विज्ञापन में कृति ने इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना है। उनके लुक में केप और ड्रेप्ड स्कर्ट के साथ ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज शामिल है। यही पहनावा कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के हिसाब से पसंद नहीं आया। देखते ही देखते विज्ञापन के कमेंट सेक्शन में कृति के आउटफिट को लेकर बहस शुरू हो गई।
किसी ने कहा, यह रक्षाबंधन है या फैशन शूट?
कई यूजर्स ने कृति के कपड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहार की थीम के हिसाब से उनका पहनावा कुछ ज्यादा मॉडर्न है। एक यूजर ने विज्ञापन देखने के बाद लिखा, “कल यह विज्ञापन देखकर मैं हैरान रह गया। यह क्या बकवास है?” वहीं एक अन्य यूजर ने पूरे कैंपेन को बेहद शर्मनाक बताया। एक सोशल मीडिया यूजर ने कृति की स्टाइलिंग पर सवाल उठाते हुए लिखा, “पूजा की थाली कहां है? तुम अपने भाई के सामने ब्रा क्यों पहने हुए हो? क्या यह रक्षाबंधन है? तिलक कहां है?” एक अन्य यूजर ने यहां तक कह दिया कि रक्षाबंधन के मौके पर कोई महिला ऐसे कपड़े नहीं पहनती और कृति को शर्म आनी चाहिए। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना था कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार से जुड़े विज्ञापन में भारतीय परंपरा और पहनावे को ज्यादा महत्व दिया जाना चाहिए था। इसी वजह से कृति के कपड़ों को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आई।
ट्रोलिंग के बीच कृति के सपोर्ट में भी उतरे लोग
हालांकि, ऐसा नहीं है कि पूरे सोशल मीडिया पर सिर्फ कृति की आलोचना हो रही है। कई यूजर्स ने अभिनेत्री का बचाव भी किया। उनका कहना है कि किसी महिला के कपड़ों को लेकर इस तरह टिप्पणी करना ठीक नहीं है। एक यूजर ने लिखा कि लोग विज्ञापन देखकर कृति को ट्रोल कर रहे हैं और उनके कपड़ों को बिकिनी बता रहे हैं, जबकि उन्होंने ऐसा कोई कपड़ा नहीं पहना है। इस यूजर ने आगे कहा कि हो सकता है कृति का आउटफिट किसी की शालीनता की परिभाषा में फिट न बैठता हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे गलत कहा जाए। उसने यह भी लिखा कि महिलाएं अपने भाई के सामने क्या पहनेंगी, यह उनका निजी फैसला होना चाहिए। कृति के समर्थन में एक यूजर ने फिल्मों का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग उनके फिल्मों में बिकिनी सीन पर तालियां बजाते थे, वही अब रक्षाबंधन के विज्ञापन में उनके कपड़ों पर सवाल उठा रहे हैं। उसके मुताबिक महिलाओं को किसी न किसी वजह से जज किया जाता है और उन्हें अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीने का हक है। इस तरह कृति का यह विज्ञापन अब सिर्फ राखी के रिश्ते तक सीमित नहीं रहा। सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई है कि त्योहारों से जुड़े विज्ञापनों में कलाकारों के कपड़ों को लेकर कितनी अपेक्षा रखी जानी चाहिए और किसी महिला के पहनावे पर सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी करना कितना सही है।
‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं कृति
वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति सेनन आखिरी बार फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया था, जबकि इसकी कहानी लव रंजन और तरुण जैन ने मिलकर लिखी थी। ‘कॉकटेल 2’ को बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की राय भी मिली-जुली रही। अब रक्षाबंधन के इस विज्ञापन के चलते कृति एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि विज्ञापन में उनका पहनावा और उसे लेकर लोगों की अलग-अलग राय है।
इसे भी पढ़ें : एक नाम पर ज्यादा सिम पड़ेगा भारी, आज से सख्ती शुरू



