अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Supaul : सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को रौंद दिया। कटैया चौक के पास NH-327E पर हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।
झूलन पूजा के दौरान सड़क किनारे कर रहे थे कीर्तन
जानकारी के मुताबिक, कटैया चौक के पास झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। रात में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पिपरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सीधे कीर्तन कर रहे लोगों के बीच जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। दुर्घटना में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह को गंभीर हालत में सुपौल सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या पांच हो गई। वहीं रामचंद्र यादव घायल हैं। सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मौतों के बाद भड़का गुस्सा, NH-327E पर लगाया जाम
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पांच लोगों की मौत से लोगों में काफी गुस्सा था। आक्रोशित लोगों ने NH-327E को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और दोनों तरफ गाड़ियों की कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की और जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया। स्थिति को देखते हुए देर रात बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीएम और एसडीपीओ भी पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाने की कोशिश की। प्रशासन की टीम ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी।
सदर अस्पताल में भी हुआ हंगामा, डीएम-एसपी ने परिजनों से की बात
हादसे में घायल लोगों और मृतकों को सदर अस्पताल लाए जाने के बाद वहां भी बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जुट गए। मौत की खबर मिलने के बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
मामले की जानकारी मिलने पर डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उनकी बात सुनी। अधिकारियों ने परिजनों को घटना की जांच कराने और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
पुलिस अब हादसे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है। कार की रफ्तार कितनी थी, चालक से वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ और हादसे के समय क्या स्थिति थी, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बिहार की महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान… जानें क्या



