अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। फरार चल रहे हार्डकोर नक्सलियों की तलाश तेज करते हुए पुलिस अब सीधे गांव-देहात तक पहुंच गई है। पिपरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में पुलिस ने ऐसे इनामी उग्रवादियों के पोस्टर चस्पा किए हैं जो लंबे समय से फरार हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इलाके में अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गांव-गांव जाकर चिपकाए पोस्टर, एसपी के निर्देश पर चला अभियान
पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा की अगुआई में पुलिस टीम ने मंगलवार को ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। टीम ने चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और पंचायत भवनों पर भाकपा माओवादी और टीएसपीसी से जुड़े फरार उग्रवादियों की तस्वीरों वाले पोस्टर चिपकाए। थानेदार ने ग्रामीणों को बताया कि पोस्टर में दिखने वाले सभी चेहरे कानून की नजर में वांटेड हैं। पुलिस का मकसद इन चेहरों को हर आम नागरिक तक पहुंचाना है, ताकि उग्रवादी छिपने की जगह न तलाश सकें और पुलिस उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेज सके।

भाकपा माओवादी और टीएसपीसी के बड़े चेहरों पर लाखों का इनाम
पुलिस की इस सूची में भाकपा माओवादी के चार बड़े नाम शामिल हैं। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी नितेश यादव उर्फ इरफान जी उर्फ नन्दू उर्फ किरानी प्रमुख है। इसके अलावा 10-10 लाख रुपये के इनामी गोदराई यादव उर्फ संजय यादव, मनोहर गंझू उर्फ सोहन गंझू उर्फ दिनेश गंझू और उग्रवादी इश्तियाक अंसारी उर्फ ठेंगन मियां की तस्वीरें भी पोस्टर में हैं। वहीं दूसरी तरफ, टीएसपीसी संगठन से जुड़े 10 लाख के इनामी आरिफ जी उर्फ शशिकांत जी उर्फ सुदेश जी उर्फ सुरेश जी और नक्सली नथुनी सिंह उर्फ नथुनी उर्फ छोटू का नाम भी इस वांटेड लिस्ट में शामिल है।
सूचना देने वाले को मिलेगा पूरा इनाम, नाम रहेगा बिल्कुल गुप्त
पुलिस ने ग्रामीणों से खुलकर सहयोग मांगा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जो भी व्यक्ति इन उग्रवादियों के आने-जाने, छिपने या उनकी गतिविधियों के बारे में सटीक सूचना देगा, उसे सरकार द्वारा घोषित इनाम की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही सूचना देने वाले ग्रामीण का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी, ताकि किसी को कोई खतरा न हो। पुलिस ने लोगों से कहा है कि वे बिना किसी डर के आगे आएं और इलाके को उग्रवाद मुक्त बनाने में पुलिस का साथ दें।
इसे भी पढ़ें : रांची समेत झारखंड के 10 जिलों में अगले 3 घंटे आंधी-बारिश, अलर्ट जारी

