अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में मंगलवार शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के 10 जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान हल्की गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवा चल सकती है। रांची स्थित आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यह अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार जिन जिलों में मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है, उनमें बोकारो, चतरा, जमशेदपुर, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा शामिल हैं। इन जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।
अचानक बदल सकता है मौसम, तेज हवा से रहें सावधान
मौसम के इस बदलाव का असर खासकर शाम और रात के समय देखने को मिल सकता है। बादल घिरने के बाद अचानक बारिश शुरू हो सकती है। तेज हवा के कारण सड़क किनारे लगे पेड़, बिजली के तार और कमजोर होर्डिंग प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
बारिश और तेज हवा के दौरान खुले मैदान में खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के समय पेड़ के नीचे खड़ा होना भी खतरनाक हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति रास्ते में है और अचानक आंधी या तेज बारिश शुरू हो जाती है तो उसे सुरक्षित जगह पर रुक जाना चाहिए।
रांची और आसपास के इलाकों में भी मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
किसानों और वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की जरूरत
मौसम खराब होने की स्थिति में किसानों को खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज और बिजली चमकने लगे तो खेत में रहने के बजाय किसी सुरक्षित पक्के स्थान पर चले जाना बेहतर है। खुले में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से भी बचने की सलाह दी जाती है।
वहीं, दोपहिया वाहन चालकों के लिए तेज हवा और बारिश के दौरान परेशानी बढ़ सकती है। सड़क पर पेड़ या बिजली के तार गिरने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को रफ्तार कम रखने और सुरक्षित जगह पर रुकने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह से अगवा मुंशी की बिहार के जंगल से मिली ला’श, 5 संदेही हिरासत में

