अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sitamarhi : सुरसंड में मंगलवार की सुबह प्रगतिशील लाइब्रेरी के बरामदे में 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बुढ़वा पोखर के किनारे एनएच 227 के पास शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान नगर पंचायत सुरसंड के वार्ड नंबर 13 स्थित दास मोहल्ला निवासी लालाबाबू दास के 23 वर्षीय बेटे संजीत कुमार के रूप में हुई है।
सुबह बुढ़वा पोखर और कंकाल बाबा स्थान की ओर जा रहे ग्रामीणों ने लाइब्रेरी के बरामदे में युवक को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी को दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता और अवर निरीक्षक अभिजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
माथे पर चोट, शरीर पर घिसटने के निशान
पुलिस के अनुसार, संजीत के माथे पर चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर घिसटने के निशान भी बताए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
थानेदार लालकिशोर गुप्ता ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस लाइब्रेरी के आसपास की गतिविधियों और युवक की वहां मौजूदगी से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। परिजनों से लिखित आवेदन या फर्द बयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है।
परिवार में मचा कोहराम, पिता को पांच हजार की मदद
संजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने-बिलखने लगे। घटना के बाद दास मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अपने निजी कोष से मृतक के पिता लालाबाबू दास को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सरकारी नियमों के तहत मिलने वाली सहायता राशि भी परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : खेतों से खाड़ी तक पहुंचेगी बिहार की उपज, दुबई में हुआ बड़ा समझौता

