अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dubai / Patna : बिहार के किसानों और खाद्य उद्योग के लिए खाड़ी देशों से एक अच्छी खबर आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में औद्योगिक विकास की राह पकड़ रहा बिहार अब वैश्विक निवेशकों की नजर में आने लगा है। दुबई में चल रहे एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग यानी एआईएम कांग्रेस 2026 के मंच पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई के निवेशकों की मदद से बिहार में एक समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क तैयार किया जाएगा।

दुबई में एमओयू पर मुहर, उद्योग मंत्री भी रहीं मौजूद
यह समझौता दुबई के अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की मौजूदगी में हुआ। बिहार के उद्योग सचिव कुंदन कुमार और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष दाऊद अल शेजावी ने इस समझौते पर दस्तखत किए। इस मौके पर उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। समझौते के तहत दोनों पक्ष मिलकर राज्य में एक बड़ा एग्रो फूड और प्रोसेसिंग क्लस्टर तैयार करेंगे। इसके लिए यूएई और पूरे खाड़ी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों और निवेशकों को बिहार में पूंजी लगाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

किसानों की उपज को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार
इस योजना का मुख्य मकसद बिहार की खेती और उपज को सीधे खाड़ी देशों की खाद्य जरूरतों से जोड़ना है। अब तक राज्य के किसानों को फल, मक्का, मखाना और सब्जियों के वाजिब दाम और बड़ा बाजार मिलने में दिक्कत आती थी। नया पार्क बनने से बिहार खाड़ी देशों के लिए प्रोसेसिंग और सोर्सिंग का प्रमुख केंद्र बन सकेगा। इससे स्थानीय स्तर पर पैदा होने वाले कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग यहीं होगी और उन्हें सीधे विदेशों में भेजा जाएगा, जिसका सीधा लाभ राज्य के किसानों और छोटे व्यापारियों को मिलेगा।

राज्य में खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह साझेदारी बिहार को निवेश के नक्शे पर मजबूत जगह दिलाने की दिशा में बड़ा कदम है। यूएई के सहयोग से बनने वाला फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। वहीं उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि यह समझौता निवेशकों के साथ व्यवस्थित तरीके से काम करने का रास्ता खोलेगा। सरकार फाउंडेशन के साथ मिलकर निवेश की जमीनी संभावनाओं को तेजी से हकीकत में बदलने का काम करेगी।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट बोले- तकनीकी खामी से न रुके राशन-पेंशन, लापरवाही पर नपेंगे अफसर

