अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nalanda : नालंदा के हिलसा अनुमंडल में बुधवार की अहले सुबह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चिकसौरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक मां ने अपने ही एक साल के मासूम बेटे को पानी भरे पईन में फेंक दिया। पानी में डूबने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मां ललिता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं परिजनों का कहना है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा था।
नाना के श्राद्धकर्म में शामिल होने आया था परिवार
मृतक बच्चे की पहचान पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र स्थित पसिया गांव निवासी रवि बिंद के एक वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। रवि बिंद अपनी पत्नी ललिता कुमारी और एक साल के बेटे के साथ अपने चचेरे ससुर यानी बच्चे के चचेरे नाना के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए नालंदा के फतेहपुर गांव आए हुए थे। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और सभी लोग कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे।
अहले सुबह 3 बजे बच्चे को लेकर निकली, फिर पईन में फेंक दिया
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात पूरा परिवार खाना खाकर चैन से सो गया था। बुधवार की सुबह करीब 3 बजे जब सब गहरी नींद में थे, तभी ललिता अपने मासूम बेटे को गोद में लेकर चुपचाप घर से बाहर निकल गई। वह गांव के बाहर नीरगाही खंधा के पास पहुंची, जहां एक पईन पानी से लबालब भरा हुआ था। महिला ने बिना कुछ सोचे-समझे अपने कलेजे के टुकड़े को उसी गहरे पानी में फेंक दिया।
बिस्तर से बच्चा गायब देख मची चीख-पुकार
कुछ देर बाद जब परिजनों की आंख खुली तो बिस्तर से मां और बच्चा दोनों गायब मिले। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन और ग्रामीण तुरंत दोनों की तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान गांव के बाहर नीरगाही खंधा स्थित पईन में बच्चे का शव उतराता हुआ मिला। यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। जब ग्रामीणों और परिजनों ने ललिता से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने खुद ही स्वीकार कर लिया कि उसी ने बच्चे को पईन में फेंका है। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पति के बयान पर केस दर्ज, महिला को भेजा गया जेल
मामले की जानकारी मिलते ही चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता रवि बिंद के बयान पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : 10 महीने पहले उठी थी डोली, अब ससुराल में फंदे पर लटकी मिली वैष्णवी

